नई दिल्ली: दिल्ली की एक अदालत केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेतली और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से संबंधित मुद्दों को सुलझाने दोनों नेताओं की याचिका पर आज सुनवाई करेगी। अतिरक्त मुख्य मेट्रोपोलिटीन मजिस्ट्रेट समर विशाल ने दोनों पक्षों की ओर से प्रस्तुत याचिका पर गौर करने के बाद कहा कि इस पर आज को सुनवाई की जाएगी।
केजरीवाल ने लगाया जेतली पर आरोप
केजरीवाल ने जेतली पर आरोप लगाया था कि उनके डीजीसीए का अध्यक्ष रहते हुए कई अनियमितताएं हुई थी। आम आदमी पार्टी(आप) के अन्य नेताओं ने भी जेतली पर इसी तरह के आरोप लगाए थे। जेतली ने पिछले वर्ष पांच अगस्त को इन सभी के खिलाफ न्यायालय में दस करोड़ रूपए मानहानि का मामला दर्ज कराया था। जेतली को लिखे एक पत्र में केजरीवाल ने कहा है कि उन्होंने उन्हें उपलब्ध कराए गए कुछ कागजात के आधार पर आरोप लगाए थे लेकिन अब इनकी जांच से उन्हें पता लगा है कि ये आरोप निराधार थे । उन्होंने कहा कि यह देखते हुए वह उनसे माफी मांगते हैं।
आप नेताओं ने मांगी जेतली से माफी
आप के अन्य नेताओं संजय सिंह, आशुतोष ,राघव चड्ढा और दीपक बाजपेयी ने भी इसी तरह पत्र लिखकर जेतली से माफी मांगी है। हालांकि मानहानि मामले में कुमार विश्वास के खिलाफ अदालती कार्यवाही जारी रहेगी , जिन्होंने अब तक माफी नहीं मांगी है। केजरीवाल इससे पहले मानहानि के अलग अलग मामलों में पंजाब के पूर्व मंत्री एवं अकाली दल नेता विक्रम सिंह मजीठिया, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी और कांग्रेस नेता तथा पूर्व केन्द्रीय मंत्री कपिल सिब्बल के पुत्र अमित सिब्बल से भी माफी मांग चुके हैं।





























































