नगरीय निकाय क्षेत्रों में विकास कार्य तीव्रगति से चलाए जाएं – मंत्री श्री जयवर्धनसिंह

0

गुना  – ईपत्रकार.कॉम |प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री जयवर्द्धनसिंह ने जिले के समस्‍त नगर पालिका निकायों की राघौगढ़ में आयोजित समीक्षा बैठक में मूलभूत सुविधाओ के लिये मुख्य चौराहो का सौन्दर्यीकरण एवं गौशाला निर्माण, पेयजल व्यवस्था, सड़के, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं नये प्रोजेक्ट पर जोर देते हुये नगर पालिका एवं नगर पंचायतो में विकास कार्य तेजी से चलाने के दिशा निर्देश दिए हैं। मंत्री श्री जयवर्धनसिंह नगर पालिक परिषद राघौगढ के विजयपुर हॉल में जिले की नगरीय निकाय क्षेत्रों में क्रियान्वित निर्माण कार्यो एवं योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।

इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार नगरीय क्षेत्र, नगर निगम एवं नगर पंचायतो में मूलभूत सुविधाओं के लिये विशेष अभियान चलाकर विकास कार्य तेजी से चलाये जायें। उन्होंने जिले के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों से उनके क्षेत्रांतर्गत क्रमबद्ध समीक्षा के साथ बजट, व्‍यय और लम्बित विकास कार्यो की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने प्रत्येक नगर पालिका एवं नगर पंचायत में एक-एक गौशाला एवं पार्क निर्माण कराने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चौराहों का सौन्‍दर्यीकरण एवं सड़को के दोनो साईड़ो पर जरूरत के मान से पेवर्स लगवाये जाने के साथ ही गौशाला निर्माण, शुद्ध पेयजल के लिये फिल्टर प्लान्ट तथा शहरों और कस्बों में स्वच्छता के लिये डस्टबीन रखवाये जाने के निर्देश दिए। मंत्री श्री सिंह ने समीक्षा बैठक में गुना में गुनिया नदी के सौन्दर्यकरण का प्रोजेक्ट तैयार करने तथा सभी नगरीय क्षेत्र में बी.पी.एल. परिवार में 12वीं तक पढ़े-लिखे युवकों का सर्वेक्षण कराने के भी निर्देश दिये।

उन्होंने राघौगढ़, आरोन एवं कुम्भराज की पेयजल व्यवस्था एवं रामपुर सड़क मार्ग के किनारे पेवर्स लगवाने एवं चौपेट नदी के किनारे घाट निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने एवं फुटपाथो के सौन्दर्यीकरण करने के निर्देश भी दिये। उन्होने गुना की तरह अमृत योजना के तहत संचालित स्मार्ट सिटी सेवा से राघौगढ़ को जोड़ने के निर्देश भी राघौगढ़ नगर पालिक परिषद को दिये। बैठक में कलेक्टर श्री भास्कर लाक्षाकार, प्रभारी परियोजना अधिकारी एवं डिप्‍टी कलेक्‍टर सुश्री विशाखा देशमुख एवं गुना, ब्यावरा, कुंभराज, आरोन, चांचौडा तथा राघौगढ के मुख्‍य नगर पालिका अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Previous articleजिले में 24 घंटे मिलेगी बिजली कृषि कार्य के लिए 10 घंटे नियमित बिजली का शेड्यूल फिक्स किया
Next articleआँतरी क्षेत्र के लगभग दो दर्जन गाँवों में सिंचाई के लिये नहर बनाई जायेगी – श्री यादव