विदिशा – (ईपत्रकार.कॉम) |मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज ग्राम कागपुर में 95 लाख की लागत से नवनिर्मित सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित एवं प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित भवन का आज लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सीसीबी बैंक शाखा के नवनिर्मित भवन का जायजा लेते हुए उसकी प्रशंसा की। कॉ-आपरेटिव बैंक के अध्यक्ष श्री श्यामसुन्दर शर्मा ने मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया कि दो मंजिला इस भवन के प्रथम तल पर बैंक एवं प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति का कार्यालय संचालित किया जाएगा। भू-तल पर बैंक का एटीएम की व्यवस्था की गई है उसके बाजू में गोदाम भी बनाया गया है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्राम कागपुर की मुख्य सड़क पर फोर-व्हीलर वाहन के ऊपर खडे़ होकर आमजनों से संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को सुना एवं प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही कराने का आश्वासन उनके द्वारा दिया गया है। इस अवसर पर राज्यमंत्री श्री सूर्यप्रकाश मीणा, सांसद श्री लक्ष्मीनारायण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री तोरण सिंह दांगी, एपीसी श्री पीसी मीणा, कलेक्टर श्री अनिल सुचारी, पुलिस अधीक्षक श्री विनीत कपूर के अलावा सीसीबी बैंक के पदाधिकारीगण, सीईओ श्री विनय प्रकाश सिंह मौजूद थे।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह ने श्री बाढ़ वाले गणेश मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना की और यहां चल रहे भण्डारे में शामिल होकर भोजन प्रसादि का वितरण कर ग्रहण की।





























































