रपटा घाट में बोटिंग प्वाईंट विकसित करें

0

मण्डला  – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर श्री जगदीश चन्द्र जटिया ने जल मार्ग से घाटों का अवलोकन करते हुए निर्देशित किया कि रपटा घाट में नौका विहार प्वाईंट विकसित किया जाए जिससे जिले में पर्यटन की संभावनाऐं और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इस कार्य के लिए नगर पालिका परिषद, पर्यटन विभाग और लोक निर्माण विभाग विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करेंगे। कलेक्टर ने आज न्याय घाट से सूर्यकुण्ड तक नर्मदा के दोनों तटों पर बने घाटों का जायजा लिया।

कलेक्टर ने कहा कि नौका विहार से जहां पर्यटक आकर्षित होंगे वहीं स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा। इस कार्य के लिए स्थानीय समितियों का भी सहयोग लिया जाए। नए घाटों के निर्माण के लिए जगह चिन्हित करने के साथ ही पुराने घाटों के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रत्येक घाट में उसका नाम तथा उसका ऐतिहासिक महत्व दर्शाने वाला साईन बोर्ड लगाया जाए। नेहरू पार्क घाट का अवलोकन करते हुए श्री जटिया ने कहा कि पार्क के साथ ही इस घाट को आकर्षक रूप से विकसित किया जाए। नावघाट तथा संगमघाट पर किए जा रहे कार्य का अवलोकन करते हुए उन्होंने कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। श्री जटिया ने निर्देशित किया कि वैद्यघाट की मिट्टी हटाकर सीढ़ियों में आवश्यक सुधार कार्य कराया जाए। वैद्यघाट के नए घाट और पुराने घाट को जोड़ा जाए। बनिया घाट तथा रंगरेज घाट की टूटी सीढ़ियों का पुनर्निर्माण कराया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी घाट में स्नानार्थियों को किसी प्रकार का कोई जोखिम नहीं रहे। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि झूला पुल में प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने पानी टंकी घाट, खैरी घाट तथा पुरवा घाट का निरीक्षण करते हुए इनमें सफाई तथा आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री बाघमारे तथा कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग श्री जीपी पटले उपस्थित रहे।

Previous articleलोकसभा में आने से डरते हैं देश के चौकीदार- राहुल गांधी
Next articleसभी कलेक्टर्स राजस्व लोक अदालत की तैयारी पूर्ण करे – कमिश्नर