अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च से 11 मार्च तक “बिटिया उत्सव” का आयोजन

0

ग्वालियर – (ईपत्रकार.कॉम) |महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च से 11 मार्च तक “राज्य स्तरीय बिटिया उत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। इस उत्सव के दौरान कविता, कहानी, कला शिविर, परिचर्चाएं, लोक गायन, फिल्म प्रदर्शन, नृत्य एवं नाटकों का मंचन किया जाएगा। ग्वालियर में बिटिया उत्सव को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। बिटिया उत्सव का शुभारंभ 8 मार्च को प्रात: 11 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुना-शिवपुरी संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रहेगे। अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी करेंगीं।

बिटिया उत्सव के उदघाटन समारोह में विशेष अतिथि के रूप में प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, पशुपालन, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास मंत्री श्री लाखन सिंह यादव, विधायक ग्वालियर श्री मुन्नालाल गोयल, विधायक दक्षिण श्री प्रवीण पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यादव तथा अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लेखिका सुश्री कमला भसीन उपस्थित रहेंगीं।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित बिटिया उत्सव के तहत 8 मार्च को प्रात: 11 बजे से दोपहर एक बजे तक उदघाटन सत्र रहेगा। दोपहर एक बजे से 2 बजे तक इकतारा : पोस्टर प्रदर्शनी का उदघाटन सुश्री कमला भसीन करेंगीं। फिल्म स्क्रीनिंग : सनराईज दोपहर एक बजे से 2 बजे तक कृष्णा सोबती सभागार में होगी। परिचर्चा: बाल साहित्य एवं लैंगिक समानता दोपहर 3 बजे से शाम 4.30 बजे तक मृगनयनी सभागार में होगी। इसमें सर्वश्री वरूण ग्रोवर, सुशील शुक्ला, सुश्री सुनीता मिश्रा व अदिति सिंह मौजूद रहेंगे। परिचर्चा : महिला एवं बाल मुद्दों में फोटोग्राफी की भूमिका कार्यक्रम में श्री प्रभाष राय, जगदीश यादव एवं रेणुका पुरी शामिल होंगीं। यह कार्यक्रम शाम 5 बजे से 6 बजे तक मृगनयनी सभागार में होगा। पंडवानी गायन ऋतु वर्मा एवं समूह द्वारा नामवर सिंह नगर में शाम 6 से 7 बजे तक किया जायेगा तथा नाट्य प्रस्तुति : “सारा” की प्रस्तुति सीमा आज़मी एवं समूह द्वारा कृष्णा सोबती सभागार में शाम 7.30 बजे से दी जायेगी।

इसी प्रकार 9 मार्च को “बातचीत” कार्यक्रम प्रात: 11 बजे से दोपहर एक बजे तक कृष्णा सोबती सभागार में होगा, जिसमें सुश्री कमला भसीन मौजूद रहेंगीं। परिचर्चा : रंगमंच में स्त्री के तहत असगर वजाहत से हैदर अली की बातचीत मृगनयनी सभागार में दोपहर एक बजे से 2 बजे तक होगी। कविता पाठ कार्यक्रम में राजेश जोशी, उदय प्रकाश, सविता सिंह, अनीता भारती उपस्थित रहेंगीं। यह कार्यक्रम मृगनयनी सभागार में दोपहर 3 बजे से शाम 4.30 बजे तक होगा। कहानी पाठ उर्मिला शिरीष, हरीश पाठक, तरूण भटनागर, उमाशंकर चौधरी एवं रामप्रकाश त्रिपाठी द्वारा किया जायेगा। कार्यक्रम मृगनयनी सभागार में शाम 5 बजे से 6 बजे तक आयोजित होगा। स्टैंडअप कॉमेडी में श्री वरूण ग्रोवर उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम नामवर सिंह नगर में शाम 6 बजे से 7 बजे तक आयोजित होगा तथा नाट्य प्रस्तुति : “स्त्रीर पत्र” का आयोजन सीमा विश्वास एवं समूह द्वारा किया जायेगा। यह कार्यक्रम कृष्णा सोबती सभागार में रात्रि 7.30 बजे से होगा।

10 मार्च को फिल्म स्की्रनिंग : ब्यूटी ऑफ लाइफ एवं बातचीत कार्यक्रम प्रात: 11 बजे से दोपहर एक बजे तक कृष्णा सोबती सभागार में होगा। परिचर्चा : युवा आवाज कार्यक्रम में इप्सा अगनानी, नीलम शर्मा, रेशमा से संयुक्ता बनर्जी की बातचीत होगी। कार्यक्रम मृगनयनी सभागार में दोपहर एक बजे से 2 बजे तक आयोजित होगा। कहानी पाठ में उदय प्रकाश, असगर वजाहत, सुशीला टांकभोरे व किरण सिंह शिरकत करेंगे। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से मृगनयनी सभागार में होगा। कविता पाठ का आयोजन मृगनयनी सभागार में शाम 5 बजे से होगा। इसमें अनुज लुगुन, पूनम विश्वकर्मा, उषा राय, ज्योति चावला, हरिओम राजौरिया व निरंजन श्रोत्रिय भाग लेंगे। एकल नाटक : दोहरी जिंदगी का आयोजन नेहा सिंह एवं समूह द्वारा शाम 6 बजे से 7 बजे तक नामवर सिंह नगर में किया जायेगा तथा “हेलन केलर” नाट्य की प्रस्तुति किस्मत बानो एवं समूह द्वारा दी जायेगी। कार्यक्रम रात्रि 7.30 बजे कृष्णा सोबती सभागार में होगा।

इसी तरह 11 मार्च को पत्रकारिता में स्त्री कार्यक्रम प्रात: 11 बजे कृष्णा सोबती सभागार में होगा। कार्यक्रम में ऋचा अनिरूद्ध एवं अन्य जन मौजूद रहेंगे। कविता पाठ नेहा नरूका, अमित उपमन्यु, मुस्तफा खान, जितेन्द्र बिसारिया व राजहंस सेठ द्वारा किया जायेगा। यह कार्यक्रम दोपहर एक बजे मृगनयनी सभागार में आयोजित होगा। परिचर्चा : ट्रांसजेंडर और हमारा समाज में धनंजय सिंह चौहान, असंग घोष, मिनिप्रिया आर एवं अयूब खान मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम दोपहर 3 बजे से मृगनयनी सभागार में होगा। आल्हा गायन की प्रस्तुति शीलू सिंह राजपूत एवं समूह द्वारा शाम 6 बजे नामवर सिंह नगर में दी जायेगी। नाट्य प्रस्तुति : “ए लड़की”/अगिन तिरिया की प्रस्तुति अयाज खान एवं समूह द्वारा दी जायेगी। कार्यक्रम कृष्णा सोबती सभागार में रात्रि 7.30 बजे से आयोजित होगा तथा मुशायरा में रश्मि सबा, मदनमोहन “दानिश”, अतुल अजनबी, शकील ग्वालियरी व प्रदीप चौबे शिरकत करेंगे। कार्यक्रम कृष्णा सोबती सभागार में रात्रि 9.30 बजे से आयोजित होगा। “बिटिया उत्सव” के तहत समस्त आयोजन राज्य स्वास्थ्य प्रबंधन एवं संचार संस्थान परिसर ग्वालियर में आयोजित होंगे।

Previous articleअंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर होगा महिलाओं का सम्मान
Next articleअंत्‍योदय मेला सह पेंशन शिविर संपन्‍न