प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र की पिछली सरकारों पर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि 1993 के बम ब्लास्ट के घाव हम भूल नहीं सकते। धमाके में मारे गए लोगों के परिवारों के साथ उस समय की सरकारों ने न्याय नहीं किया था। उसकी वजह अब सामने आ रही है। उन्होंने कहा, “तब की सरकारों ने दोषियों को पकड़ने की वजाय उनके साथ कभी मिर्ची का व्यापार तो कभी मिर्ची के साथ व्यापार किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव से ज्यादा महाराष्ट्र विधानसभा में उत्साह देख रहा हूं । लोगों ने स्थिरता के लिए मतदान किया था और फडणवीस ने मुख्यमंत्री के तौर पर पांच साल का कार्यकाल पूरा किया। उन्होंने कहा कि मुंबई के पास उत्कृष्ट मानव पूंजी है, अभिनव उद्यम पूंजी है और मजबूत वित्तीय पूंजी है।
नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि चाहे हमारी सरकार केंद्र में हो या राज्य में, भ्रष्टाचार का कोई धब्बा नहीं है। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने स्टार्ट अप पर ‘एंजल टेक्स’ लगाया था, हमने हटाया है। पीएम ने आगे कहा, “ जिन्होंने 10 साल तक जिन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था, बैंकिंग व्यवस्था को बर्बाद किया है उनमें से आज कोई तिहाड़ में है, तो कोई मुंबई की जेल में। इस दौरान शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे भी मंच पर मौजूद रहे।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करने से पहले छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की। बता दें कि महाराष्ट्र-हरियाणा में चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन है। 21 अक्टूबर को दोनों राज्यों में मतदान होगा। वहीं, 24 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव के रिजल्ट आएंगे।






























































