बॉलिवुड अभिनेता संजय दत्त की फिल्म ‘भूमि’ की शूटिंग इन दिनों चंबल में चल रही है। फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी होने वाली है ऐसे में फिल्म के मेकर्स ‘भूमि’ की रिलीज डेट को लेकर चर्चा कर रहे हैं। वैसे तो संजय दत्त की ‘भूमि’ की रिलीज डेट इसी साल 4 अगस्त को तय की गई थी लेकिन अब खबर है कि फिल्म के निर्माता भूषण कुमार ‘भूमि’ की रिलीज डेट को आगे बढ़ाने वाले हैं।
गौरतलब है कि जिस दिन फिल्म ‘भूमि’ को रिलीज करने की बात चल रही है उसी दिन आमिर खान की फिल्म ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ की रिलीज भी तय हुई है| अब ऐसे में जाहिर सी बात है कि संजय नहीं चाहते कि वो बॉक्स ऑफिस पर आमिर से टकराएं|
खुद संजय ने फिल्म के प्रड्यूसर को फिल्म की रिलीज डेट को बढ़ाने लिए कहा है। संजय और आमिर अच्छे दोस्त हैं और वह नहीं चाहते कि बॉक्स ऑफिस पर उनका टकराव हो। आमिर की फिल्म ‘सीक्रिट सुपरस्टार’ कम बजट की कंटेंट आधारित फिल्म है जबकि ‘भूमि’ बदले और पिता-पुत्री के रिश्ते पर बेस्ड फिल्म है जिसे भूषण कुमार प्रड्यूस कर रहे हैं। ‘सीक्रिट सुपरस्टार’ के प्रड्यूसर आमिर खान हैं।’
हाल में खबर आईं थी कि फिल्म की शूटिंग के दौरान संजय दत्त घायल हो गए हैं. फिल्म ‘भूमि’ में अदिति राव हैदरी संजय दत्त की बेटी के किरदार में नजर आएंगी| फिल्म की शूटिंग इस महीने आगरा में शुरू हो गई है| ‘भूमि’ फिल्म को ओमंग कुमार डायरेक्ट कर रहे हैं साथ ही इसे भूषण कुमार, संदीप सिंह और ओमंग मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं|






























































