कृषि एवं किसान कल्याण भारत सरकार द्वारा 2022 तक किसानो की आय को दोगुनी करने हेतु सात सूत्रीय कार्य योजना एवं प्रयासो को जिले के कृषकों तक पहुचाने हेतु संकल्प को सिद्धी में बदलने के लिए शनिवार को एक दिवसीय कार्यशाला स्थानीय गुर्जर भवन में आयोजित हुई। यह कार्यशाला प्रदेश सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती चिटनीस के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुई। मंत्री श्रीमती चिटनीस ने कार्यशाला में नए भारत का संकल्प उपस्थितजनों को दिलाया। उन्होंने 2022 तक कृषि आय दोगुना करने का, आय सुरक्षा के लिये फसलों का बीमा, माटी की सेहत के लिये जैविक खेती अपनाने का तथा सॉयल हेल्थ कार्ड बनवाने का, उच्च पैदावार के बीज एवं रोपण सामग्री अपनाने का, एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने का, कृषि उत्पादों के मूल्य वर्धन एवं सही सुरक्षित भण्डारण करने का समस्त उपस्थितजनों को संकल्प दिलाया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती चिटनीस ने कहा कि, केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों की आय दोगुनी कर उनके मुरझाए चेहरो में खुशियां बिखेरने के कार्य में जुटी है, जिसमें किसान भाईयों का अपेक्षित सहयोग जरूरी हैं। उन्होनें अधिकारियो से भी कहा है कि कृषि की नई नई तकनीकों को अंतिम छोर तक पहुचाएँ, ताकि किसान उसका भरपूर लाभ उठा सके। उन्होंने शासन द्वारा कृषि के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कृषि उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है उसका श्रेय किसानों को जाता है। संकल्प से सिद्धी कार्यशाला में कृषको को बताया कि उत्पादन में वृद्धि, इनपुट के प्रभावी उपयोग, उपज के बाद नुकसान कम करना, गुणवत्ता में वृद्धि, न्यूनीकृत विपणन मार्जिन, जोखिम में कमी तथा सहायक गतिविधियों जैसे सूत्रों को अपनाना होगा। इस दिशा में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को एक एक बिंदु पर विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर प्रधानमंत्री के संदेश की लघु फिल्म का प्रसारण भी किया गया।
कार्यशाला में कलेक्टर श्री दीपक सिंह, पावरलूम फेडरेशन अध्यक्ष श्री ज्ञानेश्वर पाटील, महापौर श्री अनिल भोंसले, नगर निगम अध्यक्ष श्री मनोज तारवाला, जनपद पंचायत बुरहानपुर अध्यक्ष श्री किशोर पाटील, कृषि विज्ञान केन्द्र के डॉ.अजीत सिंह, जनप्रतिनिधिगण, कृषि विभाग के अधिकारीगण व बड़ी संख्या में कृषकगण उपस्थित थे।