कोरोना से निपटने के लिए बजट में विशेष प्रावधान की जरूरत-सोनिया गांधी

0

कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी ने लाखों लोगों का जीवन खतरे में डाल दिया है. पूरे देश में डर व अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न करके उनकी आजीविका और दैनिक जीवन को भी प्रभावित किया है. अनिश्चितता की इस घड़ी में मेरा विश्वास है कि हम धैर्य एवं दृढ़ निश्चय के साथ इस गंभीर समस्या से निपट लेंगे. हमें यह नहीं भूलना है कि सावधानी व रोकथाम सबसे कारगर उपाय हैं.

उन्होंने कहा कि 130 करोड़ नागरिकों के इस देश में अब तक केवल 15,701 मामलों में ही सैंपलों की जांच की गई है. पर्याप्त समय मिलने, समय पर चेतावनी और दूसरे देशों से मिली सीख के बावजूद हमने अपनी सरकारी और प्राइवेट सेक्टर की क्षमताओं का पूरा उपयोग नहीं किया. इसमें परिवर्तन लाने की जरूरत है.

उन्होंने कहा कि हमें निगरानी में रखे गए सभी लोगों की जांच शुरू करनी चाहिए और जिन लोगों में बीमारी के लक्षण दिखें या फिर जो लोग भी उनके संपर्क में आए हों, जो वायरस के लिए पॉजि़टव पाए गए हैं, उन सभी की जांच बड़े स्तर पर की जाए.

उन्होंने कहा कि इस आपदा से निपटने के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए जाने की भी जरूरत है. नोटबंदी और सुस्त भारतीय अर्थव्यवस्था के बाद, संक्रमण संक्रमण दैनिक मजदूरी करने वाले लाखों लोगों, मनरेगा मजदूरों, एडहॉक एवं अस्थायी कर्मचारियों, श्रमिकों, किसानों और असंगठित क्षेत्र में काम करने वालों के लिए एक बड़ा झटका है.

उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति में लोगों में चिंता होना स्वाभाविक है. लेकिन साथ ही ये भी जरूरी है कि लोग डरें नहीं और अफरा-तफरी का माहौल न बनाएं. भारत इस संकट पूर्ण आपदा के सामने घुटने नहीं टेकेगा. हम सब मिलकर साहस के साथ इसका सामना करेंगे.

Previous articleचैत्र नवरात्रि 25 मार्च से, जानें कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त
Next articleपटना: एम्स में कोरोना से पीड़ित मरीज की हुई मौत