पिछले कुछ दिनों से भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच शुकवार शाम उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ चली। जिसमें सीआरपीएफ के दो जवान और जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो जवान शहीद हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने कुपवाड़ा जिले के बाबागुंड इलाके में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था। तलाश अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की।
अधिकारियों ने बताया कि दिन में कई बार बीच-बीच में गोलीबारी बंद हुई लेकिन जैसे ही सुरक्षाकर्मी घर की ओर बढ़े आतंकवादियों ने फिर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इसी घर में आतंकवादी छिपे हुए थे। गोलीबारी में तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गये हैं। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ स्थल पर सुरक्षार्किमयों और युवाओं के एक समूह के बीच झड़प हुई जिसमें चार व्यक्ति घायल हो गये।






























































