टीम इंडिया के कोच के तौर पर द्रविड़ शानदार काम करेंगे: वाटसन

0

ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला खिलाड़ी शेन वाटसन ने भारतीय क्रिकेट टीम के कोच पद के लिए दिग्गज भारतीय बल्लेबाज राहुल द्रविड़ का समर्थन किया है. वाटसन ने कहा, ‘शुरू से ही द्रविड़ की काबिलियत कर कोई शक नहीं रहा है. मैं खुशनसीब हूं कि मैं उन्हें जानता हूं. वह पहले राजस्थान रॉयल्स में मेरे कप्तान थे. बाद में टीम के मेंटर बने. मैंने इस दौरान उनके साथ काम करके काफी कुछ सीखा है.’

शेन वाटसन ने कहा, ‘इसमें कोई शक नहीं है कि अगर उन्हें टीम का कोच बनाया जाता है तो वह अच्छा काम करेंगे. वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में एक कप्तान के तौर पर निखर कर आए विराट कोहली के साथ मिलकर टीम की बेहतरी के लिए काम करेंगे. वह बेहतरीन इंसान हैं. उनके पास युवाओं के साथ साझा करने को अपार अनुभव है.’

खाली पड़ा है टीम इंडिया के कोच का पद
भारतीय टीम के कोच का पद पिछले एक साल से पूर्व कोच डंकन फ्लैचर के जाने के बाद खाली पड़ा है. रवि शास्त्री ने टीम के निदेशक के रूप में काम किया था. उनका कार्यकाल भी मार्च-अप्रैल में खेले गए वर्ल्ड टी-20 के बाद खत्म हो गया था. अभी जारी आईपीएल के बाद भारतीय टीम का कार्यक्रम काफी व्यस्त है. टीम को दिसंबर तक वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है. इस दौरान टीम के लिए मुख्य कोच को नियुक्त करने की चर्चा जोरों पर है और ऐसी अटकलें हैं कि द्रविड़ टीम के कोच बन सकते हैं. उन्होंने आईपीएल की टीमों के साथ भी मेंटर के रूप में काम किया है. पहले वह राजस्थान के मेंटर थे जिसे बाद में दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया. इस समय वह दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम के मेंटर हैं.

द्रविड़ टीम के कोच के लिए उपयुक्त
राहुल द्रविड़ इंडिया-ए और अंडर-19 टीम के भी कोच हैं. उनके कोच रहते अंडर-19 टीम ने इसी साल बांग्लादेश में हुए वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई थी. सुनील गावस्कर, हरभजन सिंह ने भी हाल ही में द्रविड़ को कोच बनाए जाने का समर्थन किया था. वाटसन का मानना है कि द्रविड़ इस पद के लिए उपयुक्त विकल्प हैं. उन्होंने साथ ही महेन्द्र सिंह धोनी के बाद कोहली को तीनों फॉर्मेट में टीम का कप्तान बनाए जाने का भी समर्थन किया है.

वाटसन इस समय कोहली की कप्तानी में आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की तरफ से खेल रहे हैं. हालांकि उन्हें टीम के उपरी क्रम में शामिल विराट कोहली, एबी डिविलियर्स और क्रिस गेल के कारण ज्यादा बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला है. वाटसन को हालांकि इससे शिकायत नहीं है. उन्होंने टीम की गेंदबाजी में अभी तक अहम योगदान दिया है.

IPL 2016 में 20 विकेट ले चुके हैं वाटसन
वाटसन ने कहा, मुझे टीम में जो जिम्मेदारी दी गई है मैं उससे खुश हूं. मुझे बल्लेबाजी करने की ज्यादा जरूरत नहीं पड़ी है. कोहली ने मुझे अहम समय पर बड़ी जिम्मेदारी दी है और अधिकतर समय मैंने अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन कई बार मैं कामयाब नहीं हो पाया, जोकि टी20 क्रिकेट में होता रहता है.’

उन्होंने कहा, ‘मैंने हालांकि गेंदबाजी से टीम में अहम योगदान दिया है. जब कोहली मुझे अहम समय पर गेंदबाजी करने के लिए बुलाते हैं तो मुझे काफी अच्छा लगता है. मैं अपने अनुभव से सर्वश्रेष्ठ करने की कोशिश करता हूं.’

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके वाटसन का कहना है कि उन्होंने सही समय पर संन्यास लिया है क्योंकि वह दुनिया भर में हो रही टी20 लीग में खेलने के साथ-साथ ही मैदान के बाहर कुछ और कामों पर ध्यान देना चाहते हैं. वह कोच बनने पर भी ध्यान दे रहे हैं.

IPL में खेलना पसंद करते हैं वाटसन
वाटसन ने कहा, ‘मैं मानता हूं मैं कुछ और साल क्रिकेट खेल सकता हूं. मैं आईपीएल में कुछ और साल खेलना पसंद करुंगा. मैंने यहां हमेशा ही अच्छा समय बिताया है.’

उन्होंने कहा, ‘मैं कुछ और साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल सकता था लेकिन मैंने मैदान से बाहर कुछ और करने की सोचा. टी20 टूर्नामेंट खेलने के बाद मेरे पास काफी समय बचता है और इस दौरान में शारीरिक शिक्षा, बच्चों की शिक्षा और कोचिंग के बारे में सीख रहा हूं.’

Previous articleब्रेड खाना छोड़ दीजिएवरना झेलनी पड़ेंगी ये परेशानियां
Next articleFilm Review: रोमांच से भरपूर थ्रिलर फिल्म है ‘फोबिया’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here