देश के सैनिकों का जीवन किसी तपस्या से कम नहीं होता है- उर्मिला कटारे

0

शहडोल – (ईपत्रकार.कॉम) |अध्यक्ष नगर पालिका शहडोल श्रीमती उर्मिला कटारे ने कहा है कि देश की सुरक्षा में देश के सैनिक अपना सब कुछ न्यौछावर कर देते हैं, परिवार से दूर रहकर देश की सुरक्षा करते हैं। देश के सैनिकों का जीवन किसी तपस्या से कम नहीं होता है, सैनिक हमारे देश के गौरव हैं, सैनिकों के सम्मान के लिये हर वर्ष जिला स्तर पर सैनिक सम्मान समारोह आयोजित होना चाहिए। उन्होने कहा कि सैनिको के सम्मान के लिये साधन सम्पन्न लोगों एवं समाजसेवियों, सामाजिक संगठनों को आर्थिकतौर से सैनिक कल्याण कार्यक्रमों में अपेक्षित सहयोग करना चाहिए। उन्होने कहा कि हमारे देश के वीर सैनिक देश की सुरक्षा में सीमाओं पर मुस्तैदी से डटे रहते हैं, समाज का भी यह दायित्व है कि समाज देश के इन सपूतों का सम्मान कर उनकी हौसला अफजाई करे। अध्यक्ष नगर पालिका शहडोल श्रीमती उर्मिला कटारे आज जिला सैनिक कार्यालय शहडोल द्वारा आयोजित भूतपूर्व सैनिकों की रैली एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थी।

उन्होने कहा कि सैनिकों का जीवन किसी तपस्या से कम नहीं होता है, उन्होने कहा कि देश हमें सब कुछ देता है, हमें भी देश की सुरक्षा करने वाले सैनिकों के शौर्य को सम्मान देते हुये सैनिकों के लिये कुछ करने का जज्बा रखना चाहिए। समारोह को संबोधित करते हुये कर्नल अश्वनी कुमार ने कहा कि भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार सैनिकों और भूतपूर्व सैनिकों के परिजनों के लिये कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होने कहा कि शहीद सैनिकों और युद्ध में घायल हुये सैनिकों के परिजनों के लिये राज्य स्तर पर सैनिक कल्याण बोर्ड और जिला स्तर पर जिला सैनिक कल्याण बोर्ड द्वारा उनके परिजनों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। उन्होने कहा कि योजनाओं का लाभ लेना आपकी जिम्मेदारी है। उन्होने बताया कि सैनिकों को योजना का लाभ देने के लिये आधार नम्बर और पेन कार्ड का लिंक होना अतिआवश्यक है, साथ ही भूतपूर्व सैनिक की पत्नी का नाम आधार कार्ड एवं पेनकार्ड से मैच होना भी आवश्यक है। उन्होने कहा कि सरकार भूतपूर्व सैनिकों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मुहैया कराने के प्रयास कर रही है, किंतु भूतपूर्व सैनिक इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होने बताया कि सरकार भूतपूर्व सैनिकों के दो पुत्रियों के विवाह के लिये आर्थिक सहायता मुहैया कराती है, बच्चों की पढ़ाई के लिये छात्रवृत्ति मुहैया कराती है, केन्द्रीय सैनिक बोर्ड द्वारा भूतपूर्व सैनिकों को आवास का ऋण देने का प्रावधान भी किया जा रहा है। उन्होने बताया कि भूतपूर्व सैनिकों की मृत्यु होने की दशा में अंत्येष्ठी हेतु 10 हजार रूपये की राशि मुहैया कराई जा रही है।

उन्होने बताया कि शहीद के माता-पिता जिनकी मासिक आय 10 हजार रूपये है, ऐसे शहीद के माता-पिता को 5 हजार रूपये देने का भी सरकार द्वारा प्रावधान किया गया है। उन्होने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा शहीद सैनिक के परिजन को 10 लाख रूपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति भी दी जा रही है। शहीद के बच्चों के लिये आईआईटी एवं पीएमटी की परीक्षा में भी पर्याप्त आरक्षण दिया गया है। केन्द्र शासन एवं राज्य शासन की ग्रुप सी एवं ग्रुप डी में भर्ती में भूतपूर्व सैनिकों के परिजनों को समुचित आरक्षण का प्रावधान किया गया है। उन्होने बताया कि शहडोल जिले में सैनिकों के लिये रेस्ट हाउस निर्माण के लिये कार्यवाहियां की जा रही हैं। सम्मान समारोह को संबोधित करते हुये कर्नल पी.एन.शुक्ला ने कहा कि समय तेजी से बदल रहा है, बदलते हुये परिवेश में सैनिकों की जिम्मेदारी भी बढ़ी है, उन्होने कहा कि भारत सरकार ने वन रैंक, वन पेंशन का एक बड़ा तोहफा दिया है, इसका स्वागत सभी सैनिको को करना चाहिए। उन्होने कहा कि देश को सुरक्षित रखने में सैनिकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके लिये देश के सभी सैनिक गौरव के पात्र हैं, हमें अपने सेना के जवानो पर गर्व है। उन्होने कहा कि शहडोल संभाग से बहुत कम लोग सेना में हैं, उन्होने कहा कि शहडोल संभाग में सैनिक भर्ती रैलियां आयोजित होना चाहिए और यहां के युवाओं को सेना में भर्ती के अवसर मिलना चाहिए।

समारोह को कमाण्डर रामप्रसाद यादव ने संबोधित करते हुये कहा कि भूतपूर्व सैनिकों के रैली के आयोजन का मुख्य उद्देश्य भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान करना है। उन्होने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा करने वाला सैनिक है, जिस देश की सीमा सुरक्षित होगी वह देश उतना ही समृद्ध और शक्तिशाली होगा, उन्होने कहा कि सैनिकों का जीवन तपस्या से कम नहीं है। इस अवसर पर एनसीसी के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पार्षद श्री महेश भागदेव, उपसंचालक जनसम्पर्क श्री जी.एस.मर्सकोले, कल्याण संयोजक श्री धर्मेंद्र वरकड़ें, कर्नल श्री पारस शुक्ला, समाजसेवी श्री संतोष अग्रवाल एवं बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक एवं उनके परिजन उपस्थित थे, समारोह का संचालन श्रीमती शिल्पी अग्रवाल ने किया।

Previous articleकलेक्टर एवं अधिकारियों ने की कलेक्ट्रेट की सफाई
Next articleकछरा एवं सेहरा टोला समस्याविहीन होगा बशर्ते हर घर शौचालय बनायें- कलेक्टर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here