बड़वानी – (ईपत्रकार.कॉम) |नर्मदा नदी में धीरे-धीरे सतत् बढ़ रहे जल स्तर के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सोमवार की शाम को पुनः आपदा प्रबंधन का मॉक ड्रिल किया। इसके तहत शाम को सभी जिला अधिकारियो को नर्मदा किनारे बसे ग्रामो में पहुंचकर, आपदा प्रबंधन की टीम का नेतृत्व करने एवं नर्मदा जल स्तर की फोटो लेकर वाट्सअप के माध्यम से कन्ट्रोल रूम भेजने के निर्देश दिये गये।
इस मॉक ड्रिल के तहत कलेक्टर श्री तेजस्वी एस नायक ने शाम को 4 बजे आयोजित समय सीमा बैठक के दौरान जिला अधिकारियो को बताया कि उन्हे आपदा प्रबंधन के तहत आयोजित इस मॉक ड्रिल के तहत किस ग्राम में जाना है।
कलेक्टरेट कार्यालय से एक साथ एक समय रवाना हुए इन अधिकारियो को हिदायत दी गई थी कि उन्हे सौंपे गये ग्राम तक जल्दी से जल्दी पहुंचना है। इस दौरान उन्हे लगने वाले समय की गणना के साथ-साथ ग्राम में पहुंचने व डूब प्रभावितो को कुशलता से निकालने में आने वाली परेशानियो व उनके निवारण की व्यवस्था का आकलन करना था। साथ ही ग्राम में पहुंचने के साथ घाट पर या ग्राम में नर्मदा किनारे पहुंचकर वाटर लेवल की फोटो मोबाईल पर लेकर भेजना था।
मॉक ड्रिल के दौरान की अपील भी
इस मॉक ड्रिल के तहत कलेक्टर श्री तेजस्वी एस नायक तथा पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत खरे, दल-बल के साथ कुकरा पहुंचे व बढ़ रहे नर्मदा जल सतह का सूक्ष्म निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश पदाधिकारियो को दिये।
साथ ही कलेक्टर एवं अन्य ग्रामो में गये अधिकारियो ने डूब प्रभावितो से अनुरोध भी किया कि वे बाढ़ का पानी घर तक आने का इंतजार न करे। समय पर सुरक्षित स्थानो की ओर रवाना हो, जिससे किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि न होने पाये।





























































