शहडोल – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासकीय कार्यों का त्वरित गति से विभागीय अधिकारी निर्वहन करें। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों के क्रियान्वयन से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे निर्माण कार्यों का तेजी से क्रियान्वयन सुनिश्चित करायें तथा निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण कराना सुनिश्चित करें। बैठक में निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों को कार्यों की प्रगति रिपोर्ट देने तथा निर्माण कार्यों के पूर्व उनकी पूर्ण जांचपरक करने के पश्चात् ही प्रारंभ कराने के निर्देश दिये। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री एस.कृष्ण चैतन्य, अपर कलेक्टर श्री अशोक ओहरी, संयुक्त कलेक्टर श्री सुरेश अग्रवाल, अनुविभागीय अधिकारी सोहागपुर श्री रमेश सिंह, जयसिंनगर श्री सतीश राय, डिप्टी कलेक्टर सुश्री पूजा तिवारी, तहसीलदार श्री बी.के. मिश्रा सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि डीएमएफ के कार्य जो प्रारंभ नहीं हुये है, या किसी कारणों से उनमें दिक्कतें आ रही है, उनकी राशि वापस कर दें। उत्खनन की कार्यवाही हेतु स्थलों पर संयुक्त टीम व पुलिस बल के साथ ही जायें तथा ऐसे निर्माण कार्य जिनमें एक विभाग से अधिक विभाग सम्मिलित है, उनकी निर्माण के पूर्व पूर्ण जांचपरक करें, ताकि त्रुटिवश् दो या अधिक मदों से ऐसे कार्यों में स्वीकृत या राशि आवंटन न होने पाये। किसी भी निर्माण कार्य में तकनीकी जांच व अन्य कमियों का परीक्षण कार्य प्रारंभ के पूर्व कराना सुनिश्चित करें। बैठक में नगरपालिका अधिकारी को निर्देशित किया कि बाणगंगा मेले में आवश्यक व्यवस्थायें तथा सुरक्षा मुक्कमल रखें। धान खरीदी के परिवहन में शीघ्रता लाई जाये तथा वर्षा की स्थिति उत्पन्न होने पर पन्नी आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। बैठक में धान उपार्जन की भी विस्तार से जानकारी ली गई। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्कूल शिक्षा, कृषि विभाग, चिकित्सा एवं ग्रामीण विकास सहित राजस्व विभाग के प्रकरणों की विस्तार से जानकारी लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। सिंहपुर तालाब से होने वाले खेती की सिंचाई के बारे में जलापूर्ति संबंधी रिपोर्ट देने के भी निर्देश दिये गये। बैठक में सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान समय-सीमा से बाहर होने वाले प्रकरणों के संबंधितों को एक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिये गये।
मीजल्स एवं रूबेला टीकाकरण की दिलाई गई शपथ- कलेक्टर श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव ने समय-सीमा की बैठक में उपस्थित अधिकारियों को मीजल्स रूबेला मुक्त भारत संकल्प की शपथ दिलाते हुये कहा कि – ‘‘हम सभी शपथ लेते है कि जिस प्रकार टीकों के माध्यम से स्मालपाक्स, पोलिया एवं मातृ-शिशु टिटनेस बीमारी का अंत किया है, उसी प्रकार वर्ष 2019 में 09 माह से 15 वर्ष के हर बालक एवं बालिका को दाहिने बाजू की चमड़ी में पीड़ा रहित एमआर का एक टीका लगवाकर दो जानलेवा बीमारियों, मीजल्स एवं रूबेला से भारत वर्ष को मुक्ति दिलायेंगें। यह हमारा पक्का इरादा है, साथ ही देशवासियों को हमारा सच्चा वादा है।’’






























































