उज्जैन- (ईपत्रकार.कॉम) |उज्जैन एक धार्मिक शहर होने के कारण यहां सालभर श्रद्धालुओं का आवागमन लगा रहता है। इसके अलावा विशेष पर्वों जैसे- महाशिवरात्रि, नागपंचमी, महाकाल सवारी, सोमवती व शनिचरी अमावस्या पर भी भारी तादाद में प्रदेश व देश के अलग-अलग कोनों से श्रद्धालु यहां आते हैं। ऐसे में कानून व्यवस्था बनाये रखना और श्रद्धालुओं को दर्शन व स्नान कराना एक चुनौतीभरा काम होता है। चाहे रविवार हो, कोई त्यौहार हो या अन्य कोई अवकाश का दिन, पुलिस और प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से शहर में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये अपने कर्त्तव्यों का पालन करते हैं। इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा गत शुक्रवार को अंजुश्री होटल में विभिन्न अवसरों पर सेवाएं देने वाले पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों का सम्मान एवं दीपावली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में एडीजी श्री व्ही मधुकुमार, संभागायुक्त श्री एमबी ओझा, कलेक्टर श्री संकेत भोंडवे, एसपी श्री सचिन अतुलकर, डीएफओ श्री मिश्रा, नगर निगम आयुक्त डॉ.विजय कुमार जे., सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप जीआर एवं पुलिस तथा प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर श्री संकेत भोंडवे द्वारा एडीजी व संभागायुक्त का सर्वप्रथम पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। इसके पश्चात ‘मेहनत और कर्त्तव्यनिष्ठा का प्रतीक उज्जैन पुलिस’ शीर्षक की एक लघुफिल्म का भी प्रदर्शन सभी के समक्ष किया गया।
संभागायुक्त श्री एमबी ओझा ने इस अवसर पर कहा कि उज्जैन एक धार्मिक शहर है। विशेष पर्वों पर यहां भारी तादाद में श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में कानून व्यवस्था संभालना बहुत चुनौतीभरा होता है। यह बड़े गर्व की बात है कि हमारे प्रशासनिक व पुलिस अमले के अधिकारी पूरी निष्ठा से इस कार्य को करते हैं। सभी लोग इस हेतु बधाई के पात्र हैं। संभागायुक्त ने विशेष पर्वों पर बेहतरीन कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये कलेक्टर और एसपी को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी अच्छा काम करते हैं, उनकी प्रशंसा होनी चाहिये, ताकि वे आगे और बेहतर कर सकें। जहां टीमवर्क से काम किया जाता है, वहां कोई परेशानी नहीं आती है। सफलता पूरी तन्मयता के साथ काम करने से ही मिलती है। छोटी-छोटी चीजों को भी कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिये, तभी कानून व्यवस्था को बनाये रखने में हम सफल हो सकते हैं। सभी अधिकारी आगे भी इसी तरह से पूरी मेहनत और लगन के साथ कार्य करें। संभागायुक्त ने सभी अधिकारियों को बधाई दी।
एडीजी श्री व्ही.मधुकुमार ने कहा कि विशेष पर्वों पर कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये पुलिस और प्रशासन के बीच एक अच्छे तालमेल का होना बहुत जरूरी है। अच्छे तालमेल से ही हम बड़े-बड़े काम कर सकते हैं। अच्छे समन्वय को अधिकारी आगे भी बनाये रखें, यही हमारा उद्देश्य है, क्योंकि उज्जैन में इसी की जरूरत है। समन्वय के साथ कार्य करने से ही हम कई चुनौतियों का सामना बड़ी आसानी से कर सकते हैं।
कलेक्टर श्री संकेत भोंडवे ने कहा कि आज का यह सम्मान कार्यक्रम विभिन्न अवसरों पर पूरी निष्ठा से अपनी ड्यूटी निभाने वाले अधिकारियों के लिये है और यह होना भी चाहिये क्योंकि वे इसके हकदार हैं। उन्होंने कहा कि उज्जैन धार्मिक शहर होने के कारण यहां प्रोटोकाल भी बहुत अधिक होता है। देश और विदेश से कई खास और आम श्रद्धालु भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के लिये आते हैं। भगवान महाकाल की सवारी में भी काफी तादाद में श्रद्धालुओं का आना होता है। इतनी भीड़ को संभालने के साथ-साथ सतर्कता और पैनी नज़र की भी बहुत आवश्यकता होती है। यह बेहद गर्व और खुशी की बात है कि हमारे प्रशासनिक अमले के सभी अधिकारी पूरी लगन के साथ इस कार्य को करते हैं। टीमवर्क के कारण ही हम ऐसे आयोजन को सफल बना पाते हैं। समय-समय पर संभागायुक्त व एडीजी महोदय का भी मार्गदर्शन हमें प्राप्त होता है। कलेक्टर ने अधिकारियों के सम्मान पर बधाई दी और दीपावली की अपनी ओर से सभी को शुभकामनाएं दी।
पुलिस अधीक्षक श्री सचिन अतुलकर ने कहा कि विशेष पर्वों पर व्यवस्था बनाये रखने के लिये कई घंटों तक कठिन परिश्रम कर पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी दी है। सभी अधिकारियों ने बड़े त्यौहारों को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिये कड़ी मेहनत की है। जमीनी स्तर पर पुलिस और प्रशासन के बीच इतना अच्छा तालमेल उज्जैन में देखने में आया है, जो कि बेजोड़ है। विशेष पर्वों के अलावा सामान्य दिनों में भी यहां अधिकारियों में आपसी तालमेल बहुत अच्छा है। इसके लिये सभी अधिकारी बधाई के पात्र हैं। ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आगे भी आयोजित किये जाने चाहिये।
इसके पश्चात विशिष्ट अतिथियों द्वारा प्रशासनिक व पुलिस अमले के अधिकारियों को प्रमाण-पत्र और दिव्यांग बच्चों द्वारा बनाये गये स्मृति चिन्ह प्रदाय कर सम्मान किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले अधिकारियों में एडीएम, स्मार्ट सिटी सीईओ, यूडीए सीईओ, सभी एसडीएम, महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति, जनसम्पर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, पीएचई, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, जिला पंचायत, महिला सशक्तिकरण, एकीकृत बाल विकास सेवा एवं सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी शामिल थे। कार्यक्रम का संचालन श्री संदीप नाडकर्णी ने किया तथा अन्त में आभार नगर निगम आयुक्त डॉ.विजय कुमार जे. ने व्यक्त किया।
































































