मन्दसौर – (ईपत्रकार.कॉम) |कलेक्टर श्री ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने जिले के सभी विभाग प्रमुखों एवं आहरण व संवितरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने विभाग से सेवानिवृत होने वाले शासकीय सेवक को सेवानिवृति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) दे दें। उन्होने कहा कि सभी विभाग प्रमुख पेंशन प्रकरणों के निराकरण में तत्परता बरतें, सेवानिवृत शासकीय सेवक के सभी प्रकार के स्वत्वों का जल्दी से जल्दी भुगतान करें और नियमित रूप से तीन माह में विभागीय पेंशनर फोरम की बैठक आयोजित करें व कठिनाईयों का निराकरण करें। कलेक्टर श्री श्रीवास्तव आज कलेक्ट्रेट में जिला पेंशनर्स फोरम की बैठक ले रहे थे। बैठक में एसपी श्री मनोज सिंह, राजस्व अधिकारी श्री सुरावत एवं जिला पेंशन अधिकारी श्री विजय कुमार नरेठी, पेंशनर फोरम के सभी सदस्यगण व अन्य जिलाधिकारी भी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री श्रीवास्तव ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि वे तत्काल अपनी विभागीय पेंशनर फोरम की बैठक आहुत कर सभी लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द प्रभावी रूप से निराकरण करें। कलेक्टर ने जिला पेंशनर अधिकारी को कहा कि जो विभाग प्रमुख या आहरण संवितरण अधिकारी पेंशन केसेस के निराकरण में अरूचि दिखायें या उदासीनता बरतें, उन्हें इस संदर्भ में कारण बताओं सूचना पत्र जारी किये जायें। कलेक्टर श्री श्रीवास्तव ने कहा कि पेंशन एवं स्वत्वों के भुगतान के बारें में राज्य शासन के आदेशों का अक्षरशः पालन किया जाये। बैठक के दौरान कुछ पेंशनरों ने अपनी समस्याएं व्यक्त की। कलेक्टर श्री श्रीवास्तव ने जिला पेंशन अधिकारी को इन समस्याओं को यथाशीघ्र निराकरण कर पेंशनर्स को उनका वाजिब हक दिलाने को कहा। उन्होने कहा कि लंबित पेंशन प्रकरण या पेंशनर्स की किसी भी प्रकार की अन्य समस्याओं के निदान में शीघ्रता बरतकर उसका उदारतापूर्वक निराकरण किया जाये। कलेक्टर श्री श्रीवास्तव ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी पेंशनर्स को उनकी जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाईयों का नियमित रूप से वितरण करायें और इसका रिकार्ड भी संधारित करें।





























































