पौधारोपण कार्य के दस्तावेजीकरण का कार्य शीघ्र पूरा करें –कलेक्टर

0

कलेक्टर महेशचन्द्र चौधरी ने दो जुलाई के पौधारोपण के महाभियान से जुड़े विभागों के अधिकारियों की आज बैठक लेकर उन्हें रोपे गए पौधों के दस्तावेजीकरण का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

 श्री चौधरी ने बैठक में कहा कि एक दिन में सर्वाधिक पौधे रोपने का रिकार्ड गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स दर्ज कराने के उद्देश्य से प्रदेश भर में दो जुलाई को चलाए गए पौधारोपण अभियान के तहत जबलपुर जिले में काफी अच्छा कार्य हुआ है। सभी विभागों ने इसमें सक्रियता से सहभागिता भी निभाई लेकिन दस्तावेजीकरण की धीमी गति से हम अपनी इस उपलब्धि को प्रदर्शित नहीं कर पा रहे हैं। श्री चौधरी ने कहा कि जमीन पर पौधे रोपने में जबलपुर जिला आगे रहा लेकिन पेपरवर्क पूरा करने की प्रक्रिया में हम अभी पीछे रह गए हैं।

    कलेक्टर ने बैठक में ऐसे सभी विभागों के अधिकारियों को जो दस्तावेजीकरण के कार्य को पूरा नहीं कर पाए उन्हें शीघ्रतिशीघ्र इसे पूरा करने की हिदायत दी। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक प्रपत्र का गहराई से अध्ययन करने तथा इस कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने पौधारोपण के दस्तावेजीकरण का कार्य पूरा कर लेने वाले नगर निगम, जेडीए, उद्योग, उच्च शिक्षा एवं ग्रामीण विकास आदि विभागों की सराहना भी की।

 बैठक में वन संरक्षक विन्सेंट रहीम ने अधिकारियों को दस्तावेजीकरण प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दस्तोवजीकरण गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स के तय मापदण्डों के अनुरूप ही होना चाहिए। वन संरक्षक ने दस्तावेजीकरण में अधिकारियों को आ रही कठिनाईयों का निराकरण भी बैठक में किया।

 बैठक में अपर कलेक्टर छोटे सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुरूप्रसाद पाराशर एवं सहायक कलेक्टर अंशुल गुप्ता भी मौजूद थे।

Previous article2022 तक गांव के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों ने लिया संकल्प
Next article11 निर्माण कार्यो के लिए 7 लाख रूपये की राशि स्वीकृत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here