सागर – ईपत्रकार.कॉम |देवरी विकासखण्ड के केसली स्थित ग्राम मरामाधों में उत्साह के साथ विश्व आदिवासी दिवस समारोह मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री आलोक कुमार सिंह ने कहा कि प्रकृति के संरक्षण के साथ विकास की राह दिखाने का कार्य आदिवासी समुदाय द्वारा किया जाता रहा है। 09 अगस्त का दिन आदिवासी समाज के लिए खुशियों का दिन है। उनकी खुशियों के अवसर पर शामिल होने का अवसर मिलना उनके लिए प्रसन्नता और गर्व की बात है। मरामाधों को आदर्श गांव के रूप में स्थापित करने के लिये आप सभी के सहयोग की आवश्यकता है। आप लोगों ने प्रकृति को संजोय रखने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है। जल, जंगल एंव जमीन को परिवार मानकर रखा है। उन्होनें सभी लोगों को संबल कार्ड बनवाने और शासन द्वारा प्रदत्त योजनाओं का लाभ लेंने के लिये प्रोत्साहित किया।
देवरी के पूर्व विधायक श्री भानू राणा ने कहा कि शासन द्वारा यह आयोजन आदिवासी संस्कृति, आदिवासी भाइयों के प्रति सम्मान का परिचायक है। विकास की धारा में तीव्र गति से बढ़ने के साथ साथ शासन द्वारा यह ध्यान रखा गया है कि प्रदेश के सभी लोगों को आगे बढ़ने के उचित अवसर प्राप्त हों।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती आशा सिंह ने कहा कि शासन आदिवासी समुदाय के उत्थान के लिए पूरे मनोयोग से तत्पर है। शासन द्वारा प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा अच्छे स्वास्थ्य को सुनिश्चित कर समुदाय के सभी सदस्यों को विकास की मुख्य धारा में लाकर समान पायदान में लाने हेतु अनवरत प्रयास किए जा रहे है। आपने सभी को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएँ दी आपने कहा योग्यता की कमी किसी में नहीं है बस सही सहयोग चाहिए।
जनपद अध्यक्ष श्री अतुल देवडिया ने समारोह को सबोधित करते हुये कहा कि शासन की योजनाओं चाहे वह आवास योजना हो, उज्ज्वला योजना हो, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण हो में बेहतर कार्य किये गए है। आपने इस अवसर पर आदिवासी संस्कृति के पारम्परिक ज्ञान का उल्लेख किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सहायक श्रमायुक्त श्रीमती रजनी मालवीय ने संबल योजना की विस्तृत जानकारी दी। हितग्राहियों को मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना, अंत्येष्टि सहायता राशि, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, पट्टा वितरण, से हितग्राहियों को लाभांवित किया। कार्यक्रम में अनुग्रह सहायता योजनान्तर्गत पंजीकृत असंगठित श्रमिक की मृत्यु होने पर उनके वारिस अनुग्रह सहायता प्रदाय की गई एवं उज्ज्वला योजनान्तर्गत हितग्राहियों को गैस कनेक्षन प्रदान किये गए। स्वच्छ भारत मिशन में उत्कृष्ठ कार्य करने हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गए। जिसमें श्री माखन अहिरवार, श्री अजय सोंलकी, श्री रमाकांत राजौरिया, श्री राजेश राजौरिया शामिल हैं। ग्राम मरामाधों में स्थापित नल-जल योजना को पुनः चालू करने हेतु वृहद सुधार के अंतर्गत 8.26 लाख की योजना शासन द्वारा स्वीकृत की गई है। इसका कार्य शीघ्र ही प्रारंभ किया जायेगा। समारोह में महिला बाल विकास विभाग द्वारा स्वच्छता किट एवं लाड़ली लक्ष्मी प्रमाणपत्र का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री चन्द्रशेखर शुक्ला,एसडीएम श्री आर.एम. त्रिपाठी, जनप्रतिनिधिगण एवं आस-पास गांव के भारी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।






























































