बच्चों में प्रतिस्पर्धा के गुण विकसित करें

0

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में संचालित खेल अकादमियों को और बेहतर बनायें तथा बच्चों में खेल प्रतिस्पर्धा के गुण विकसित करने की कोशिश करें। इससे प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा बच्चे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में पदक हासिल कर सकेंगे। उन्होंने आगामी ओलिम्पिक खेलने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम में प्रदेश की बालिकाओं के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खेल विभाग को बधाई दी।

मुख्यमंत्री आज यहाँ खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा कर रहे थे। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, मुख्य सचिव श्री अंटोनी डिसा, सचिव खेल श्री सचिन सिन्हा, सचिव वित्त श्री अनिरूद्ध मुखर्जी तथा खेल संचालक श्री उपेन्द्र जैन सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने ‘माँ तुझे प्रणाम योजना’ की सफलता को देखते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि देश की सीमाओं का भ्रमण कर लौटे युवाओं से सम्वाद स्थापित किया जाये और उनके अनुभव प्राप्त किये जायें। उन्होंने योजना को और अधिक उद्देश्यपूर्ण बनाने तथा युवाओं की संख्या बढ़ाने को कहा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में संचालित खेल अकादमियों को बेहतर बनाने के लिए उनमें जरूरी व्यवस्था की जायें। योगाभ्यास आदि विधाओं में देश की प्रतिष्ठित स्वंयसेवी संस्थाओं का सहयोग प्राप्त करने की कोशिश की जाये।

बताया गया कि मिशन ओलिम्पिक के तहत प्रतिभावान खिलाड़ी तैयार करने की निरंतर कोशिश की जा रही है। रियो ओलम्पिक 2016 के लिये संभावित भारतीय महिला हॉकी टीम में मध्यप्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी के सीनियर वर्ग से छह खिलाड़ी शामिल हैं। साथ ही जूनियर वर्ग में भी चार महिला खिलाड़ी संभावितों की सूची में शामिल है। इसी तरह कराटे जूनियर एवं सीनियर वर्ग में मध्यप्रदेश लगातार दस वर्ष से राष्ट्रीय चैम्पियन है। ताइक्वांडो की अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में एक खिलाड़ी ने प्रतिनिधित्व किया। जानकारी दी गयी कि विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में प्रदेश के 62 खिलाड़ी ने भाग लेकर 35 पदक हासिल किये। साथ ही राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में 135 पदक प्राप्त किये।

प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने एवं खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिये मुख्यमंत्री कप, विधायक कप एवं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएँ शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री कप प्रतियोगिता में तीन लाख खिलाड़ियों ने भाग लिया। अगले माह सभी विधानसभा क्षेत्रों में विधायक कप का आयोजन होगा। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 80 लाख रूपये लागत के आउटडोर स्टेडियम बनाये जाने की कार्रवाई शुरू की गई है। इनमें 224 के लिये भूमि आवंटित हो गई है तथा 209 स्टेडियम स्वीकृत किये जा चुके हैं।

Previous articleऑस्ट्रेलियन ओपन: हार के बाद हेविट ने लिया संन्यास
Next articleचंड़ीगढ़ पहुंचे गणतंत्र दिवस के मेहमान राष्ट्रपति ओलांद, पीएम मोदी ने किया स्वागत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here