बेटियों के लिये आत्मरक्षा के प्रशिक्षण का विस्तार होगा : मुख्यमंत्री

0

इन्दौर – ईपत्रकार.कॉम |मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बेटियों के लिये आत्मरक्षा के प्रशिक्षण का विस्तार किया जायेगा। श्री चौहान ने आज यहां आकाशवाणी और दूरदर्शन से प्रसारित ””दिल से”” कार्यक्रम में माय गव एप के माध्यम से नागरिकों द्वारा प्राप्त सुझावों के जवाब दिये।

श्री शैलेश शर्मा द्वारा महिलाओं को आत्मरक्षा की तकनीक सिखाकर उनका मनोबल ऊँचा रखने के सुझाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को निश्चित ही आत्मरक्षा की तकनीक सीखनी चाहिए जिससे वे कभी भी अचानक आयी विपरीत परिस्थितियों का डटकर मुकाबला कर सकें और बदमाशों को सबक सिखा सकें।

श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में पुलिस के प्रशिक्षित कर्मचारियों द्वारा स्कूलों एवं कॉलेजों में छात्राओं को आत्म सुरक्षा के लिए नि:शुल्क जूड़ो-कराटे का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अभी तक एक लाख से अधिक छात्राएं इस कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं। एक अनूठी पहल करते हुए प्रदेश में नेत्रहीन बालिकाओं को भी अपनी रक्षा के लिए जूड़ो-कराटे का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पुलिस विभाग के जूडो कराटे प्रशिक्षकों के अलावा भी प्रशिक्षकों की व्यवस्था कर इसका विस्तार किया जायेगा।

एक अन्य नागरिक श्री बुद्धसेन पटेल ने महिलाओं को सेनेटरी पैड मुफ्त में दिये जाने का सुझाव दिया। इस पर श्री चौहान ने कहा कि महिलाओं को सस्ती दरों पर सेनेटरी पैड उपलब्ध कराया जा रहा है। आदिवासी विकासखण्डों में लगभग आधी कीमत पर बालिकाओं को सेनेटरी पैड उपलब्ध करवाये जा रहे हैं।

श्री धर्मेन्द्र पांचाल द्वारा स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों के विपणन और मार्केटिंग के संबंध में दिये गये सुझाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्पादों की मार्केटिंग होना आवश्यक है। इसके लिए तेजी से प्रयास प्रारंभ कर दिये गये हैं। इन उत्पादों की बिक्री के लिए सरकार द्वारा बड़े शहरों में बाजार स्थापित किये जा रहे हैं। शहरों में मॉल में किराये से दुकानें लेकर इनके उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की जायेगी। उन्होने कहा कि यह भी प्रयास किये जा रहे हैं कि स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की मांग विदेशों में भी बढे़।

श्री चौहान ने डिण्डौरी के मेहंदवानी विकास खण्ड के नारी चेतना महिला महासंघ की विनीता नामदेव, बम्होरी कलां, पलेरा, जिला टीकमगढ़ से पुष्पा बाई, बालाघाट के परसवाड़ा नारी शक्ति महिला महासंघ से करूण ठाकरे मण्डला, चिरईडोगरी, से राजकुमारी चन्द्रोल के सुझावों का भी स्वागत किया और चर्चा की।

Previous articleटीएल बैठक में दिए एक सप्ताह में कार्यवाही करने के निर्देश
Next articleवाहन रैली और स्लोगन्स से दिया पूरे बड़वानी को मतदान का संदेश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here