भाजपा कार्यालय का शुभारम्भ

0

रतलाम शहर में निर्वाचन का मतदान प्रतिशत जितना ज्यादा होगा, भाजपा की जीत भी उतनी ही बड़ी होगी। रतलाम शहर के कार्यकर्ताओं की उपलब्धि है कि जो काम अपने हाथों में लिया, उसका रिकार्ड बना दिया। कार्यकर्ताओं की इसी ताकत के बल पर हम इतिहास रचेंगे और नए रतलाम के सपने को साकार करेंगे।

रतलाम शहर विधानसभा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप ने इन शब्दों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं से चुनाव में समर्पण भाव से जु़ट जाने का आह्नान किया। श्री काश्यप शुक्रवार शाम रतलाम शहर विधानसभा कार्यालय के शुभारम्भ अवसर पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोई भी मैनेजमेंट तब तक कागज पर ही रहता है, जब तक कि कार्यकर्ता उसे निचले स्तर पर लागू नहीं करते। हमें रतलाम शहर, मध्यप्रदेश और देश में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाना है।

श्री काश्यप के उद्बोधन से पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कानसिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में दीप प्रज्जवलन कर कार्यालय का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर श्री चौहान ने भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत के मंत्र बताए। उन्होंने कहा कि दुनिया के दिग्गजों की यदि भारत के प्रति सोच बदली है तो उसके पीछे लोगों का भाजपा के प्रति विश्वास ही मूल वजह है। मैं आश्वस्त करता हूं कि भाजपा जिले की पांचों सीटें बडे अन्तर से जीतेगी। श्री चौहान ने कार्यकर्ताओं को उत्साह के अतिरेक से बचने और एक-एक वोट पर ध्यान देकर अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से सम्हालने का संदेश दिया।

भाजपा के जिला प्रभारी व मंदसौर जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री मदन राठौर ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भर देने वाले नारे लगवाए। उन्होंने कहा कि रतलाम शहर और प्रदेश में हुए विकास कार्यों को जनता के बीच ले जाना और दोबारा से पार्टी के लिए वोट जुटाने की जिम्मेदारी अब कार्यकर्ताओं की है। प्रत्येक पेज प्रमुख की जिम्मेदारी है कि वे अपने बूथ पर जुट जाएं। उन्होंने कहा कि रतलाम के कार्यकर्ता रिकार्ड बनाने में मास्टर हैं। इस चुनाव को ऐतिहासिक चुनाव बनाएं और दोबारा से रिकार्ड मतों से जीत दर्ज करें।

कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन रतलाम विधानसभा संयोजक प्रेम उपाध्याय ने दिया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष एवं प्रभारी देवेन्द्र शर्मा, चुनाव प्रबंधन प्रभारी दिनेश शर्मा, वरिष्ठ नेता कन्हैयालाल मौर्य, महापौर डा. सुनीता यार्दे, निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, श्रीमती आशा मौर्य, जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, जिला मंत्री देवेन्द्र वाधवा, मण्डल अध्यक्ष रमेश बदलानी, संतोष पोरवाल, जयवन्त कोठारी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सोनू यादव, अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष नन्दकिशोर तोषावड़ा, संचालन जिला महामंत्री मनोहर पोरवाल ने किया तथा आभार कार्यालय प्रभारी महेन्द्र नाहर ने माना।

कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता
रतलाम शहर विधानसभा कार्यालय के शुभारम्भ अवसर पर भाजपा के जिला प्रभारी मदन राठौर व जिलाध्यक्ष कानसिंह चौहान की उपस्थिति में कांग्रेस के पूर्व जिला उपाध्यक्ष शैलेष प्रेमी व समाजवादी पार्टी के नेता कमलेश केलवा ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। श्री शैलेष प्रेमी ने बताया कि विधायक श्री चेतन्य काश्यप द्वारा रतलाम शहर में कराए गए विकास कार्यों और उनकी सकारात्मक सोच से प्रभावित होकर मैंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने का निर्णय लिया है।

Previous articleसाइनस की समस्या में फायदेमंद है हरी मिर्च का सेवन
Next articleJ&K: पुलवामा में सुरक्षाबलों ने ढेर किए 2 आतंकी, सर्च ऑप्रेशन जारी