मध्यप्रदेश को भी अब बड़े पैमाने पर मिल रहे हैं मैडल – श्रीमती यशोधरा राजे

0

ग्वालियर  – ईपत्रकार.कॉम |प्रदेश सरकार पूरी शिद्दत के साथ खेलों को बढ़ावा दे रही है। सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधायें भी जुटाई हैं। इसके सुखद परिणाम सामने आ रहे हैं। मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मैडल हासिल कर अपने प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। यह बात खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने कही।

खेल मंत्री यहाँ कम्पू स्थित श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर में बनाए गए दूसरे एस्ट्रोटर्फ मैदान का बतौर मुख्य अतिथि लोकार्पण करने पहुँचीं थीं। उन्होंने कहा कि अब मध्यप्रदेश के खिलाड़ी हर हफ्ते व हर महीने प्रदेश को स्वर्ण, रजत व कांस्य पदकों की सौगात दे रहे हैं। श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अगले एशियाड में मध्यप्रदेश के लगभग 20 खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा इतनी बड़ी संख्या में पहली बार मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं।

कम्पू खेल परिसर में संचालित राज्य महिला हॉकी अकादमी में अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर के दो एस्ट्रोटर्फ मैदान हो गए हैं। नया एस्ट्रोटर्फ उपलब्ध हो जाने से अकादमी की महिला हॉकी खिलाड़ियों के साथ-साथ अन्य हॉकी खिलाड़ी सुविधाजनक ढंग से अभ्यास कर सकेंगे। मालूम हो राज्य महिला हॉकी अकादमी की कई हॉकी खिलाड़ी भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। साथ ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी मध्यप्रदेश का परचम लहरा रही हैं।

कार्यक्रम में सामान्य निर्धन वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री बालेन्दु शुक्ल, साडा अध्यक्ष श्री राकेश जादौन, संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग डॉ. एस एल थाउसेन, पार्षद श्रीमती खुशबू गुप्ता, श्रीमती नीलिमा शिंदे व श्री देवेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा कलेक्टर श्री अशोक कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भसीन, संयुक्त संचालक खेल डॉ. विनोद प्रधान, श्री बी एस यादव व जिला खेल अधिकारी श्री रामाराव नागले सहित अन्य संबंधित अधिकारी और महिला हॉकी अकादमी की प्रशिक्षणार्थी बालिकायें व राज्य स्तरीय महिला बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में भाग लेने आईं प्रदेशभर की महिला मुक्केबाज मौजूद थीं।

राज्य स्तरीय महिला बॉक्सिंग चैम्पियनशिप का भी किया शुभारंभ
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने बुधवार को श्रीमंत राजमाता सिंधिया खेल परिसर कम्पू में तृतीय राज्य स्तरीय महिला बॉक्सिंग चैम्पियनशिप का भी शुभारंभ किया। इस चैम्पियनशिप में ग्वालियर सहित प्रदेश के सभी संभागों की लगभग 200 मुक्केबाज भाग ले रही हैं। खेल मंत्री ने इस अवसर पर चैम्पियनशिप में भाग लेने आईं बॉक्सर से परिचय प्राप्त किया और उन्हें शुभकामनायें दीं।

बॉक्सिंग चैम्पियनशिप को तकनीकी निदेशक श्री वीरेन्द्र सिंह ठाकुर, टीटीनगर अकादमी भोपाल के मुख्य प्रशिक्षक श्री रोशन लाल, ग्वालियर फीडर सेंटर के मुख्य प्रशिक्षक श्री पंकज प्रवीण चौधरी ने सम्पन्न कराया।

चैम्पियनशिप के पहले दिन के परिणाम
राज्य स्तरीय महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता के पहले दिन 48 किलोग्राम वर्ग में अलीराजपुर जिले की कु. शाहिन मकरानी ने टीटीनगर अकादमी भोपाल की मुक्केबाज कु. दीपिका वर्मा को पराजित किया। इसी तरह 51 कि.ग्रा. वर्ग में टीटीनगर अकादमी भोपाल की कु. पूर्णिमा राजपूत ने इंदौर की कु. अदिति कश्यप को हराया। 54 कि.ग्रा. वर्ग में उज्जैन की कु. तनु सोलंकी को वॉक ओवर मिला। बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में पहले दिन 57 कि.ग्रा. वर्ग में टीटीनगर अकादमी भोपाल की कु. मनीषा सिंह ने ग्वालियर की कु. सपना मंडेलिया को पराजित किया। 69 कि.ग्रा. वर्ग में हुए मुकाबले में टीटीनगर भोपाल की कु. नैन्सी पयासी ने ग्वालियर की कु. अंकिता राठौर को इकतरफा मुकाबले में शिकस्त दी।

Previous articleग्राम स्वराज अभियान को गति दें सभी नोडल अधिकारी – कलेक्टर
Next articleनिरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के आरोप 31 शिक्षकों को कारण बताओं नोटिस जारी