क्षेत्रीय विधायक ने दिया दबे पड़े ऐतिहासिक अवशेषों को सामने लाने पर जोर

0

गुना – ईपत्रकार.कॉम |देश की ख्यात कलाकार सुश्री समीक्षा शर्मा ने बुधवार की संध्याकाल कत्थक एवं लोकनृत्य की रसगंगा बजरंगगढ़ किला परिसर में बहाई। जिला पर्यटन संवर्धन परिषद के तत्वावधान में आयोजित भव्य संगीतमय कत्थक एवं लोकनृत्य के आयोजन के कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक श्री पन्नालाल शाक्य ने मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस मौके पर विधायक श्री शाक्य ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दबे पड़े ऐतिहासिक अवशेषों को लोगों के सामने लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर 11वीं सदी के चिन्ह मिलते हैं, उनको चिन्हित कर समाज एवं प्रशासन के सामने लाया जाना चाहिए, ताकि यहां की समृद्ध संस्कृति व स्थापत्य कला की सुंदरता देखने के लिए आने वाले पर्यटक इनका अन्वेषण कर सकें।

उन्होंने कहा कि 11वीं शताब्दी में बजरंगगढ़ में एक लाख आबादी की बस्ती हुआ करती थी, जो आज मात्र दस हजार की बस्ती में परिवर्तित हो चुकी है। उन्होंने ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए जिले में ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से जुड़े दबे पड़े अवशेषों को बाहर लाने का आग्रह किया।

कत्थक के माध्यम से देश-विदेश में भारतीय संगीत की प्रभावना करने वाली गुरूकुल कत्थक अकादमी दिल्ली की सुश्री समीक्षा शर्मा के ग्रुप की विधि, ओजस्विनी, तान्या, निकिता एवं दीपाली के गणेश स्तुति की प्रस्तुती से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। तत्पश्चात् दीपाली, विधि, ओजस्विनी, तान्या, निकिता ने वन्देमातरम पर नृत्य की प्रस्तुति दी। इन प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।

सुश्री समीक्षा शर्मा ने शिवस्तुति नृत्य प्रस्तुत करने के पूर्व कहा कि कत्थक नृत्य हमारे देश की ऐसी कला है, जिसको अगर पूरे जीवन सीखा जाए, तो भी कम होगा। उन्होंने शिवस्तुति में कत्थक की सौम्य एवं रोद्र की विभिन्न मुद्राओं को पेश किया, जिस पर दर्शक झूम उठे। तान्या, निकिता, दीपाली, ओजस्विनी द्वारा प्रस्तुत हरियाणवी लोकनृत्य ने समां बांध दिया, जिसको दर्शक एकटक देखते रहे। इसके बाद सुश्री समीक्षा शर्मा ने कृष्ण वंदना कत्थक की प्रस्तुति दी। विधि, ओजस्वनी, निकिता, दीपाली एवं तान्या ने म.प्र. के लोकप्रिय लांगुरिया लोकनृत्य को प्रस्तुत किया। इस लोकनृत्य ने दर्शकों को रसविभोर कर दिया। ताल धमाल पर सुश्री समीक्षा शर्मा द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने समां बांध दिया। विधि, तान्या, निकिता, ओजस्विनी एवं दीपाली ने डांडिया लोकनृत्य प्रस्तुत किया तथा तत्पश्चात सुश्री समीक्षा ने ठुमरी की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री नियाज अहमद खान, आबकारी अधिकारी श्री बी.एस. चौहान, संयुक्त कलेक्टर श्री भूपेन्द्र गोयल, महाप्रबंधक उद्योग श्री शिवनारायण मनोटे, महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री आर.बी.गोयल समेत विभिन्न अधिकारी, संगीत प्रेमी, नागरिकगण एवं स्कूली विद्यार्थी उपस्थित थे।

Previous article27 अक्टूबर 2017 शुक्रवार , पंचांग एवं शुभ – अशुभ मुहूर्त
Next article2 नवंबर को Oppo भारत में अपना नया स्मार्टफोन F5 करेगा लॉन्च

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here