शहडोल – (ईपत्रकार.कॉम) |कलेक्टर श्री नरेश पाल ने आज पदभार ग्रहण करते ही कलेक्टर कार्यालय के विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिये तथा भू-अभिलेख शाखा की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिये। कलेक्टर ने आदिम जाति कल्याण विभाग, जनसम्पर्क विभाग, एनआईसी, जिला निर्वाचन कार्यालय, खाद्य विभाग, आबकारी विभाग, लैण्ड रिकार्ड रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सभी कक्षों में समुचित साफ-सफाई रखने के निर्देश दिये तथा अधिकारियों-कर्मचारियों को अपनी सीटों में उपलब्ध रहने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने निर्देशित करते हुये कहा कि कार्यालयों की सीटों से मनमानेतौर से गायब रहने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नजारत शाखा, रीडर कक्ष का भी निरीक्षण किया। आदिम जाति कल्याण विभाग के कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली। जिस पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि चालू माह में 12 प्रकरण दर्ज हुये हैं तथा इन प्रकरणों में राहत राशि वितरण के लिये प्रकरण पुलिस अधीक्षक कार्यालय प्रेषित कर दिये गये हैं। जिला कोषालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला कोषालय अधिकारी को निर्देशित किये के वे राजस्व प्राप्तियों के विभिन्न मदों की जानकारी प्रतिदिन उन्हें मुहैया करायेंगें।
कलेक्टर ने अपर कलेक्टर न्यायालय का भी निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रीडर से न्यायालय में दर्ज राजस्व प्रकरणों के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान अभिलेखागार के प्रभारी अधिकारी को निर्देश दिये कि अभिलेखागार की स्थिति में तत्काल सुधार किया जाये। अभिलेखागारों की स्थिति तत्काल ठीक होनी चाहिए, कलेक्टर ने निर्देश दिये कि अभिलेखागार में अगर कर्मचारियों की कमी होती है तो अन्य प्रभागों के कर्मचारियों की सेवाएं अभिलेखागार में लगाई जायें। कलेक्टर ने वित्त शाखा, स्थापना शाखा, भू-अर्जन शाखा, लोक सेवा प्रबंधन, राजस्व, मोहर्रिर शाखा का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शहडोल श्री एस.कृष्ण चैतन्य, संयुक्त कलेक्टर श्री रमेश सिंह, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री लोकेश कुमार जांगीड़, डिप्टी कलेक्टर श्री डी.आर.कुर्रे एवं अधिकारी साथ रहे।






























































