महाराष्ट्र में कोरोना से 96 पुलिसकर्मी संक्रमित, एक की मौत

0

महाराष्ट्र में लॉकडाउन की अवधि के दौरान शनिवार तक 15 पुलिस अधिकारियों समेत कुल 96 पुलिसकर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, ” महाराष्ट्र में अब तक 15 पुलिस अधिकारियों समेत कुल 96 पुलिसकर्मी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, जबकि एक पुलिस कर्मी की मौत हो गई है।”

अधिकारी ने कहा कि इनमें से तीन पुलिस अधिकारियों और चार पुलिसकर्मियों को उपचार के बाद स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 69,374 मुकदमे आईपीसी की धारा 188 (लोकसेवक द्वारा जारी आदेश की अवहेलना करना) के तहत दर्ज किए गए हैं और इस संबंध में अब तक 14,955 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारी ने कहा, ” हमने पुलिसकर्मियों पर हमला करने पर 147 मुकदमे दर्ज किए और 147 लोगों को गिरफ्तार किया। लॉकडाउन के दौरान पृथक-वास के नियमों का उल्लंघन करने वाले 602 लोगों का पता लगाकर उन्हें दोबारा पृथक-वास में भेजा गया।” उन्होंने बताया कि अवैध आवाजाही के कुल 1,084 मामले दर्ज किए गए और 47,168 वाहनों को जब्त किया गया जबकि 2.63 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि मुंबई में कोविड-19 से संक्रमित पुलिस के 57 वर्षीय सिपाही की शनिवार को मौत हो गई। सिपाही पश्चिमी उपनगर में एक पुलिस थाने से जुड़ा था। वह दक्षिण मुंबई के वर्ली नाका इलाके में रहता था।

Previous articleइरफान खान की मां का 95 साल की उम्र में निधन
Next articleकोरोना वायरस : रतलाम प्रशासन द्वारा जारी किया गया कोरोना हेल्‍थ बुलेटिन 25-04-2020