सागर – (ईपत्रकार.कॉम) |मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 14 सितंबर को खुरई में एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आने वाले थे। अपरिहार्य कारणों से यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी कलेक्टर श्री आलोक कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान दी। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद भी अधिकारी अपनी तैयारी यथावत रखें। संभवतः नवरात्रि पर्व के दौरान सी एम का कार्यक्रम हो सकता है।
कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में अधिकारियों को सी.एम. हेल्पलाईन के लंबित आवेदनों का निराकरण करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान ऑन लाइन कार्यक्रम के एजेण्डा में मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा 500 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों की समीक्षा की जायेगी। साथ ही 100 दिन से ज्यादा समय से लंबित शिकायतों की भी जानकारी ली जा सकती है। कलेक्टर श्री सिंह ने समाधान ऑन लाइन कार्यक्रम के एजेण्डा की आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान ऑन लाइन कार्यक्रम के एजेण्डा के बिन्दुओं में आंगनवाड़ी केन्द्रों की स्थिति, कौशल विकास, कृषि, आदिम जाति कल्याण, सिंचाई, स्वास्थ्य, जनभागीदारी के कार्य, डिजिटल इंडिया आदि बिन्दु शामिल है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि उक्त बिन्दुओं की समीक्षा करने के उद्देश्य मेरे द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित की जायेंगी।
कलेक्टर श्री सिंह ने अवगत कराया कि 12 एवं 13 सितंबर को राज्य खाद्य आयोग जिले में 2 दिवसीय प्रवास पर आ रहा है। इसके लिए उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जानकारी तैयार करने, आयोग की बैठक एवं भ्रमण के दौरान उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सांसद एवं विधायक मद से स्वीकृत राशि के कार्य लंबित न रहें। उन्होंने सातवें वेतनमान के निर्धारण हेतु ऑन लाइन विकल्प भराये जाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में सी.ई.ओ. जिला पंचायत श्री चंद्रशेखर शुक्ला, अपर कलेक्टर श्री दिनेश श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती प्रभा श्रीवास्तव एवं श्री डी.पी. द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी मौजूद थे।






























































