भोपाल – ईपत्रकार.कॉम |मध्यप्रदेश विधानसभा में आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी को श्रदधांजलि अर्पित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि मैंने उन्हें कई रुपों में देखा है। उनसे मेरी पहली मुलाकात 1974 में हुई थी। उन्होंने एक वाक्या सुनाते हुए कहा कि जब मैं केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री था, तब मैं एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन से भाग लेकर आया था और सदन में प्रवेश करते हुए उन्होंने मुझे बधाई दी और मेरा हौसला बढाते हुए कहा था कि आपने सम्मेलन में द्रढता पूर्वक हमारे देश का पक्ष रखा। इसके लिए आप बधाई के पात्र है। उन्होने देश की राजनीति को एक नई दिशा दी है। उन्होंने आगे कहा कि बांग्लादेश की लडाई के दौरान उन्होंने जो पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के लिए जो कहा, उससे उनके व्यक्तित्व को लेकर पता चलता है। श्री कमलनाथ ने विधानसभा में दिवंगतों को श्रदधांजलि अर्पित करते हुए पूर्व लोकसभा सदस्य सोमनाथ चटर्जी के बारे में कहा कि उन्होंने सोमनाथ जी से बहुत कुछ सीखा है। वे पक्ष-विपक्ष के सदस्य ना होकर मार्क्सवादी पार्टी से थे। सदन के संचालन के दौरान वे पूरी तरह से अनुशासन बनाए रखते थे और वे सदस्यों को डांट भी देते थे। वे कभी प्यार तो कभी शक्ति से सदन का संचालन करते थे।
इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने निधन का उल्लेख करते हुए दिवंगतों सदस्यों प्रफुल्ल् माहेश्वरी, पूर्व राज्य सभा सदस्य, इंद्रजीत कुमार, भूतपूर्व सदस्य विधानसभा, रामानंद सिंह,भूतपूर्व सदस्य विधानसभा, दयाल सिंह तुमराची भूतपूर्व सदस्य विधानसभा, जुगल किशोर बजाज भूतपूर्व सदस्य विधानसभा, स्वामी प्रसाद लोधी, भूतपूर्व सदस्य विधानसभा, प्रभुनारायण त्रिपाठी,भूतपूर्व सदस्य विधानसभा, विमल कुमार चौरडिया भूतपूर्व सदस्य विधानसभा, आनंद कुमार श्रीवास्तव, भूतपूर्व सदस्य विधानसभा, राधाक्रष्ण भगत भूतपूर्व सदस्य विधानसभा, तथा सुश्री कल्पना परुलेकर भूतपूर्व सदस्य विधानसभा के निधन का उल्लेख किया। इसके तत्काल बाद सत्तापक्ष एवं विपक्षी सदस्यों ने दिवंगतों को श्रदधांजलि अर्पित की। तत्पश्चात विस अध्यक्ष द्वारा सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।




































































