राहुल गांधी ने कैलाश मानसरोवर यात्रा की तस्वीर साझा कर लिखा- इनकी शरण में आना सौभाग्य

0

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं, उनकी यह यात्रा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। इन्हीं चर्चाओं के बीच राहुल ट्विटर पर अपनी यात्रा की तस्वीरें साझा कर रहे हैं। वीरवार को भी उन्होंने कैलाश की तस्वीर साझा कर लिखा कि इस विशालकाय पर्वत की शरण में आना सौभाग्य की बात है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने बुधवार को मानसरोवर झील की तस्वीरें साझा कर लिखा था कि यहां का पानी बहुत मंद और शांत है। वो सब कुछ देता है और कुछ नहीं खोता। कोई भी यहां का पानी पी सकता है। यहां द्वेष नहीं है। यही कारण है कि हम भारत में इस पानी की पूजा करते हैं। इससे पहले उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि जब बुलावा आता है तब कोई व्यक्ति कैलाश जाता है। मैं इस बात से बहुत प्रसन्न हूं कि मुझे यह अवसर मिला और इस सुंदर यात्रा में जो देखूंगा उसे आप लोगों के साथ साझा कर सकूंगा।

राहुल 31 अगस्त को इस यात्रा के लिए नेपाल रवाना हुए थे जहां से उन्होंने कैलाश के लिए प्रस्थान किया। दिल्ली से नेपाल के लिए रवाना होने से पहले उनके विमान में अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी और वह कई हजार फुट नीचे आ गया था। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली में इस घटना का जिक्र करते हुए कहा था कि उन्होंने कैलाश मानसरोवर यात्रा का संकल्प लिया है।

Previous articleभगत सिंह के नाम पर रखा जाए शादमान चौक का नाम-पाक कोर्ट
Next articleरतलाम जिले में दिव्यांग बच्चों के लिए अधिकाधिक खेल गतिविधियों के आयोजन की जरूरत