जय किसान फसल ऋण माफी योजना में पात्र किसानों को किसान सम्मान ताम्रपत्र तथा कृषि ऋण माफी प्रमाण पत्र वितरण के लिये भोपाल जिले की बैरसिया तहसील मुख्यालय पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री श्री आरिफ अकील के मुख्य आतिथ्य तथा पूर्व सांसद श्री सुरेन्द्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित किसान सम्मेलन में प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री आरिफ अकील ने कहा कि किसानों का हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। वचन पत्र के प्रत्येक बिन्दु का क्रियान्वयन सरकार पूरी तत्परता से करने के लिये दृढ़ प्रतिज्ञ है। पूर्व सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि हमारी सरकार जो कहती है- वो करती भी है। ये प्रदेश में सकारात्मक बदलाव का वक्त है अत: शासकीय अमला भी सरकारात्मक- रचनात्मक सोच के साथ पूर्ण प्राण-पण से जनसेवा में जुट जाये। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता श्रीमती जयश्री हरिकरण ने कहा कि ऋण माफी से प्रदेश के किसानों को लम्बी यातना से मुक्ति मिली है। किसानों के दो लाख रूपये तक के फसल ऋण माफ किये जायेंगे। कार्यक्रम को श्री अवनीश भार्गव, श्री जोधाराम गुर्जर ने भी संबोधित किया।
कलेक्टर डॉ. सुदाम खाडे ने स्वागत भाषण में बताया कि आज प्रथम चरण में बैरसिया तहसील के सात हजार से अधिक किसानों के लगभग 56 करोड़ रूपये के ऋण माफ किये जा रहे हैं। शीघ्र ही योजनानुसार तहसील के सभी पात्र कृषकों के कृषि ऋण माफ किये जायेंगे।
मंत्री श्री आरिफ अकील ने इस अवसर पर कृषि उपज मण्डी परिसर में स्थापित 400 लीटर क्षमता के आर.ओ.सिस्टम का लोकार्पण भी किया। इससे उपज विक्रय के लिये आने वाले कृषकों को अच्छे पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।



































































