भोपाल – (ईपत्रकार.कॉम) |कलेक्टर डॉ. सुदाम खाडे ने शनिवार को तहसील हुजूर के ग्राम ईंटखेड़ी का दौरा कर वहां के ग्रामीणों से चर्चा की तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को इस दौरान भावांतर भुगतान योजना के बारे में बताया। इस अवसर पर एसडीएम हुजूर श्री अतुल सिंह, तहसीलदार श्री सोनकिया सहित विभिन्न अधिकारी भी मौजूद थे। कलेक्टर डॉ. खाडे ने ईंटखेड़ी के ग्रामीणों को नि:शुल्क खसरा व खतौनी की नकल वितरित की तथा उन्हें मोबाइल फोन से फसल गिरदावरी के बारे में बताया।
कलेक्टर डॉ. खाडे ने पटवारी हल्का नंबर 10 के राजस्व अभिलेख बस्ते की जांच की। उन्होंने ग्रामीणों से अल्प वर्षा के कारण फसल की सिंचाई व पेयजल की व्यवस्था के बारे में भी पूछताछ की। उन्होंने गांव में वितरित किये गये आवासीय पट्टों के बारे में भी पूछताछ की। कलेक्टर डॉ. खाडे ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में भी समझाया और गांव में फौती नामांतरण, राजस्व वसूली, डायवर्सन के बारे में पूछताछ की। उन्होंने गांव की पंचायत भवन परिसर में पौधरोपण किया तथा ग्रामीणों से भी कहा कि वर्षा ऋतु में वे भी अपने घरों के आसपास तथा खेत की मेढ़ों पर पौधे अवश्य लगायें।
कलेक्टर डॉ. खाडे ने ग्रामीणों के समक्ष बी-1 का वाचन किया। उन्होंने कहा कि उनके खेतों में जो फसल बोई गई है, राजस्व अभिलेख में भी वही दर्ज हो यह जरूर देख लें। उन्होंने इस दौरान पटवारी को निर्देश दिये कि ग्रामीणों के अविवादित सीमांकन, नामांतरण व बटवारे के आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करें।



































































