ग्वालियर – ईपत्रकार.कॉम |सीएम हैल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण एल-1 स्तर पर ही संतुष्टिपूर्वक होना चाहिए और निराकरण में प्रति सप्ताह प्रगति दिखना चाहिए। यदि कोई शिकायत बंद करने योग्य है तो एल-3 पर भी बंद किया जा सकता है। परंतु यह प्राथमिकता है कि शिकायतकर्ता की शिकायत का संतुष्टिपूर्वक निराकरण हो। यह निर्देश कलेक्टर श्री भरत यादव ने अधिकारियों को दिए हैं।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित अंतरविभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर श्री भरत यादव ने सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि विभागीय कार्यों में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारी भी यह ध्यान दें कि राजस्व शिविरों का आयोजन किया जाना है। जिनमें राजस्व संबंधी मामलों का निराकरण किया जायेगा। राजस्व अधिकारी फसल गिरदावरी, अविवादित नामांतरण, सीमांकन, खसरा, बी-1 वाचन आदि पर ध्यान दें। आम नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिये चक्कर न काटना पड़ें।
कलेक्टर श्री यादव ने बैठक में सीएम हैल्पलाइन, समय-सीमा पत्रकों की समीक्षा के साथ-साथ कई विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने यह भी कहा कि नई सरकार के गठन के साथ जो भी परिवर्तन या एजेण्डा दिया जा रहा है, उसके अनुसार हितग्राहियों तक लाभ पहुँचे। हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ आम जन तक पहुँचाने के लिये पारदर्शी व्यवस्था के तहत काम होना चाहिए।
कलेक्टर श्री भरत यादव ने रूबेला-मीजल्स टीकाकरण (एमआर वैक्सीन) अभियान की तैयारियां जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। आगामी 15 जनवरी से शुरू होने जा रहे इस अभियान के तहत 9 माह से 15 वर्ष तक के बच्चों को मीजल्स और अन्य घातक बीमारियों से बचाने के लिये विशेष टीके लगाए जायेंगे। उन्होंने कहा स्कूल शिक्षा विभाग, महिला-बाल विकास और लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग का अमला आपसी समन्वय बनाकर इस अभियान को अंजाम दे।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम वर्मा, एडीएम श्री संदीप केरकेट्टा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित हो गणतंत्र दिवस समारोह
26 जनवरी गणतंत्र दिवस को समारोहपूर्वक मनाया जायेगा। इस दिन जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ विकासखण्ड स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। समारोह के लिये विभिन्न तैयारियां करने के लिये अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सोमवार को कलेक्टर श्री भरत यादव ने गणतंत्र दिवस की तैयारियों के संबंध में विभागीय अधिकारियों से चर्चा की और कहा कि जिन्हें जो भी जिम्मेदारी दी गई हैं, उसका निर्वहन करें।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा है कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर झाँकियां लगाई जायेंगीं। सभी विभाग सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं को ध्यान में रखें और हितग्राहीमूलक योजनाओं पर झाँकियां लगाएं। इनकी थीम का चयन सही ढंग से करें और रोचक झाँकी लगें, ताकि आम जन तक शासन की योजनाओं की जानकारी पहुँचे। साथ ही इस दिन आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की थीम भी निर्धारित कर लें और गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन हो। यह भी कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों की जानकारी भी भेजें। 26 जनवरी को आयोजित होने वाले समारोह में उन्हें सम्मानित किया जायेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं एवं राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले व्यक्ति, अशासकीय संस्था, गैर सरकारी संगठनों आदि को भी सम्मानित किया जा सकता है।
पात्र मतदाताओं का नाम सूची में जोड़ें
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है। दावे-आपत्तियां ली जा रही हैं। कलेक्टर श्री भरत यादव ने सभी ईआरओ एवं एईआरओ को निर्देश दिए हैं कि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराएं। प्रयास ऐसे हों, जिससे कोई भी पात्र नाम न छूटे। एक जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी नागरिक मतदाता सूची में दर्ज हों। साथ ही ऐसे नामों को वोटर लिस्ट से हटाया जाए, जो अपात्र हैं।

































































