शहडोल – ईपत्रकार.कॉम |स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन सम्पन्न कराने का दायित्व जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का संयुक्त रूप से है। हम सब मिलकर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश एवं मंशा में खरा उतरने हेतु समन्वित जिम्मेवारी का निर्वहन करते हुये दायित्वों का निर्वहन करें। निर्वाचन संबंधी नियमों एवं दायित्वों के संबंध में लगातार प्रशिक्षण आयोजित हो रहे हैं, जिनका अध्ययन एवं मनन कर विधिसम्मत कार्यवाही करते हुये स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन सम्पन्न कराकर लोकतंत्र को मजबूत बनायें। उक्ताशय के विचार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनुभा श्रीवास्तव ने आज मानस भवन में पुलिस अधिकारियों हेतु निर्वाचन के दौरान दायित्व एवं उनके निर्वहन की रणनीति पर आधारित कार्यशाला को संबोधित कर रही थी। कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक श्री कुमार सौरव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रवीण कुमार, एसडीएम श्री रमेश सिंह, नगर निरीक्षक श्री रावेंद्र द्विवेदी, रक्षित निरीक्षक श्री दिनेश मर्सकोले सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
पुलिस अधीक्षक श्री कुमार सौरव ने प्रजेंटेशन के माध्यम से बताया कि निर्वाचन के दौरान पुलिस के दायित्व निर्वाचन के पूर्व, निर्वाचन के दौरान तथा मतदान एवं मतगणना के पश्चात विभिन्न रूपों में होते हैं। निर्वाचन के पूर्व आदर्ष आचरण संहिता के दौरान मतदाता के मन में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन के प्रति विश्वास पैदा करने का दायित्व होता है। इसके लिये पुलिस द्वारा जहां समाज विरोधी या अनैतिक कार्यों में संलग्न लोगों पर कार्यवाही करनी होती है वहीं सुरक्षात्मक उपाय भी करने होते हैं। अधिसूचना जारी होने के बाद चिन्हित किये गये वर्नेबल एवं क्रिटिकल मतदान केन्द्रों में मतदाताओं को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन के प्रति विश्वास पैदा करना तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आदर्ष आचरण संहिता का पालन कराना, खर्च की सीमा का ध्यान रखना, राजनैतिक सभाओं, सम्पत्ति विरूपण के प्रकरणों में कार्यवाही सुनिश्चित करना आदि है। एसडीएम श्री रमेश सिंह ने बताया कि निर्वाचन के दौरान विभिन्न अवसरों पर राजस्व एवं पुलिस अधिकारी सेक्टर ऑफीसर के साथ समन्वय बनाकर दायित्वों का निर्वहन करते हैं। दायित्वों के निर्वहन इतनी पारदर्षिता होनी चाहिए कि हमारे कार्य भी मतदाता को पारदर्षी दिखें। मतदान के दौरान, नामांकन के दौरान एवं मतगणना के दौरान भी पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।






























































