हम देश के संविधान का पालन करने वाला समाज बनाना चाहते हैं-मंत्री श्रीमती चिटनीस

0

बुरहानपुर- (ईपत्रकार.कॉम) |बेटियों का संस्कार हो, किसी को नहीं डराने वाला और व्यक्तित्व हो किसी से ना डरने वाला। बेटियां चौराहे पर पुलिस वाले से ना डरे और निर्भीक होकर गाड़ी चलायें। बेटियों के अंदर से डर निकल जायेगा और उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। यह बात प्रदेश सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस ने नवीन जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित पिंक लाइसेंस शिविर में कही।

मंत्री ने शिविर में कहा कि हम देश के संविधान का पालन करने वाला समाज बनाना चाहते हैं। हमारे समाज में बड़ा उसे मानते हैं, जो नियमों का पालन करता हैं। नियम पर चलने की परम्परा से कानून के प्रति सम्मान की भावना आती हैं। सितम्बर माह में बेटियों और महिलाओं के निःशुल्क पिंक (लर्निंग) लाइसेंस बनाने के लिये 11 शिविर आयोजित किये जायेंगे। पहले ही दिन 900 से अधिक बेटियों और महिलाओं ने पिंक लाइसेंस हेतु आवेदन (पंजीयन) किये। बुरहानपुर को ऐसा शहर बनाना चाहते है जहां एक भी बेटी बिना लाइसेंस के गाड़ी नहीं चलायेंगी। यह बात जन-जन तक एवं घर-घर तक पहुंचे। आंगनवाड़ी सुपरवाईजरों और कार्यकर्ताओं के लिये बैंक से फाइनेंस कर किश्तों पर गाड़ी उपलब्ध करवाने के लिये संबंधित विभाग इसमें पहल करें।

यह कार्यक्रम तीन विभाग परिवहन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के द्वारा पौष्टिक थाली की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। जिसका निरीक्षण कलेक्टर श्री दीपक सिंह ने किया। उन्होंने लर्निंग लाइसेंस शिविर, हीमोग्लोबिन परीक्षण शिविर का अवलोकन किया।

मंत्री श्रीमती चिटनीस ने कहा कि आज हीमोग्लोबिन परीक्षण के शिविर में आधे से अधिक बेटियों/महिलाओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण में हीमोग्लोबिन कम पाया गया। हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिये पुदीने, केरी, अचार, हरीमिर्च, छोले, सिंगदाने आदि की चटनी का सेवन करना चाहिए। इसके अतिरिक्त विटानीन सी के बिना लोहे का अवशोषण नहीं होता हैं। इसलिये निम्बू, करोंदा, सुरजने, संतरा का सेवन करना चाहिए। 25 सितम्बर को 4 दिवसीय शिविर राज्य स्तरीय सेहत से संबंधित कार्यशाला आयोजित की जायेंगी। सेनेटरी नेप्कीन को नष्ट करने के लिये मिट्टी की सिगड़ी भी अब उचित स्थानों जैसें चिकित्सालय, कन्या स्कूलों सहित अन्य स्थलों पर उपलब्ध रहेंगी। इससे शहर की स्वच्छता भी बनी रहेंगी।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री किशोर पाटील, परिवहन अधिकारी श्री सुरेन्द्र सिंह गौतम, सीएमएचओ श्री चौहान, सिविल सर्जन श्री खान, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सौरभ सिंह, महिला सशक्तिकरण अधिकारी श्री सुभाष जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Previous articleकिसान भाई भी नेशनल लोक अदालत में आकर सुलह एवं समझौते के आधार पर प्रकरण का निराकरण कराये – जिला एवं सत्र न्यायाधीश
Next articleहम पूर्ण मनोयोग से इस संकल्प को पूरा करने की दिशा में जुट जायें- सांसद श्रीमती ठाकुर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here