प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के खरीफ 2016 के बीमा दावा राशि का लाभ भोपाल संभाग के 3 लाख 21 हजार से अधिक किसानों को मिलेगा । संभागायुक्त श्री अजात शत्रु श्रीवास्तव ने बताया है कि फसल बीमा योजना के अंतर्गत पात्र किसानों के खातों में 939.75 करोड़ रूपये की राशि जमा कराई जायेगी ।
श्री श्रीवास्तव ने बताया कि बीमा कंपनियों को प्रीमियम को राज्यांश तथा केन्द्रांश की राशि प्राप्त हो चुकी है । बीमा कंपनियों द्वारा 16 अगस्त से प्रधानमंत्री फसल बीमा की राशि का आर.टी.जी.एस. के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में जमा कराने का अभियान चलाया जायेगा । अभियान 31 अगस्त तक चलेगा । फसल बीमा योजना का लाभ किसानों को बुआई, फसल, मौसम के बीच में खड़ी फसल को विभिन्न कारणों से हानि, कटाई उपरांत हुई क्षति, ओलावृष्टि, भू-स्खलन और जल प्लावन के कारण हुई क्षति के लिये देने का प्रावधान है ।
संभागायुक्त श्री श्रीवास्तव ने बताया कि भोपाल जिले के 34111 किसानों को 62.38 करोड़ रूपये, रायसेन जिले के 65514 किसानों को 181.88 करोड़ रूपये, राजगढ़ जिले के 25928 किसानों को 42.10 करोड़ रूपये, सीहोर जिले के 43866 किसानों को 78.57 करोड़ रूपये तथा विदिशा जिले के 151789 किसानों को 574.82 करोड़ रूपये फसल बीमा योजना का लाभ मिलेगा ।



































































