केजरीवाल सरकार ने तबलीगी जमात से जुड़े करीब 1950 लोगों के मोबाइल नंबर दिल्ली पुलिस को दिए हैं. इन सभी को 25 मार्च को निजामुद्दीन स्थित तबलीगी जमात के मरकज से निकाला गया था.
दिल्ली सरकार ने पुलिस से कहा है कि इनके मोबाइल नंबर के जरिए पता लगाया जाए कि 25 मार्च से पहले ये किन-किन इलाकों में घूमे और किन लोगों से मिले. इस बाबत जो जानकारी मिलती है, उसे सरकार को उपलब्ध कराया जाए.
CM अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि जमात के लोग जिनसे भी मिले हैं, उन सभी को क्वारनटीन किया जाएगा और बड़े पैमाने पर टेस्टिंग भी होगी.
इससे पहले भी दिल्ली सरकार ने 27302 नंबर दिल्ली पुलिस को दिए थे, जिनकी जानकारी मांगी गई थी, लेकिन उसे अभी कोई जानकारी नहीं मिली है. हालांकि सीएम ने कहा कि अगर दिल्ली में एक बार में 30 हजार के करीब कोरोना मरीज होते हैं, तो उनके लिए भी सरकार तैयार है.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली में कोरोना को रोकने के लिए केजरीवाल सरकार ने 5 टी प्लान बनाया है. सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 5 टी में पहला टी है टेस्टिंग, दूसरा है ट्रेसिंग, तीसरा है ट्रीटमेंट, चौथा है टीम वर्क और पांचवा है ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग. उन्होंने कहा कि हमें कोरोना को हराने के लिए इस प्लान पर काम करना होगा.





























































