श्योपुर – (ईपत्रकार.कॉम) |कलेक्टर श्री पीएल सोलंकी ने निशादराज भवन श्योपुर में भावांतर योजना पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि उक्त योजना मध्यप्रदेश शासन की प्राथमिकता वाली योजना है। 12 अक्टूबर को इसके लिए विशेष ग्राम सभाएं आयोजित हो रही है। पंचायत स्तर पर आयोजित ग्राम सभा के दौरान सभी किसानो के फार्म उक्त योजना में भरे जाये। कार्यशाला में एसडीएम श्योपुर श्री आरबी सिन्डोस्कर, उपसंचालक कृषि श्री पी गुजरे, जनपद कराहल के सीईओ श्री अहिरवार, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एनएस चौहान, तकनीकी सलाहकार कृषि विभाग श्री विश्वम्भर गौड एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सोलंकी ने कहा कि भावांतर भुगतान योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन के तहत अभी तक 2982 किसानो के आवेदन भरे गये है। जिले में खरीफ फसलो का रकबा 773733 हेक्टेयर है। इस मान से पंजीयन कम हुए है उन्होने बताया कि 12 अक्टूबर को ग्राम सभा के दौरान प्रातः 11 बजे से 12 बजे के बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भावांतर योजना के परिपेक्ष्य में अपना उद्बोधन दिया जायेगा। उन्होने निर्देश दिये कि पंचायतो में उद्बोधन का सीधा प्रसारण दिखाये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। उन्होने कहा कि ग्राम सभा के नोडल अधिकारी का दायित्व है कि वह पंचायत क्षेत्र के सभी किसानो के आवेदन भरवाये जाना सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि भावांतर भुगतान योजना 2017 के लिए किसानों का ऑनलाइन पंजीयन की तिथि अब 15 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है। इसके अतंर्गत मूंग, उड़द, सोयाबीन, तुअर, मूंगफली, मक्का, ज्वार एवं रामतिल फसल वाले किसान पंजीयन करा सकते है। ग्राम सभा में 12 अक्टूबर को जहां आफ लाइन फार्म भरे जायेगे वही 15 अक्टूबर तक सेवा सहकारी समितियो, मार्केटिंग सोसायटीयो में ऑन लाईन पंजीयन कराये जा सकते है।
भावांतर योजना पर विजयपुर में कार्यशाला आज
भावांतर योजना के संबंध में सभी पंचायत सचिवो, आरएईओ, रोजगार सहायको, पटवारी, उपयंत्री, एसडीओ के लिए आज 11 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से जनपद पंचायत विजयपुर में कार्यशाला आयोजित की गई है।





























































