मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का आयोजन सम्मानपूर्वक किया जायेगा

0

मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस एक नवम्बर को जिले में सम्मानपूर्वक मनाया जायेगा। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री अमित तोमर ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। बैठक में मध्य प्रदेश दिवस के आयोजन की रूपरेखा तय की गई। इस अवसर एसडीएम डिण्डौरी श्री अनिल सोनी, एस.डी.एम. शहपुरा श्री व्ही.के. कर्ण, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री मनोज लारोकर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। कलेक्टर ने कहा कि जिला स्तर पर मुख्य समारोह जिला मुख्यालय में आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम के प्रारम्भ में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा तत्पश्चात राष्ट्रगान होगा और मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन किया जायेगा। मुख्य अतिथि द्वारा उपस्थित जन समूह को प्रदेश के विकास एवं समृद्धि के लिये संकल्प दिलाया जायेगा।

आमंत्रण

   मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे जिले में 3 दिवस तक मध्यप्रदेश स्थापना दिवस मनाया जायेगा। कलेक्टर ने आयोजित इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकों, व्यवसायियों, समाजसेवियों, धर्म गुरूओं, स्वयं सेवी संस्थाओं, हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों एवं महाविद्यालयीन छात्र छात्राओं, शासकीय अधिकारी कर्मचारियों, जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सैनानियों एवं शहीद सैनिकों के परिवारों तथा गठित समितियों के पदाधिकारियों सहित समाज के सभी वर्गों के लोगों को आमंत्रित करने को कहा है। इसी प्रकार से 31 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट कार्यालय से चन्द्रविजय महाविद्यालय तक एकता की दौड़ कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। कलेक्टर ने इस एकता की दौड़ में सभी अधिकारी और कर्मचारियों को उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।

रोशनी व्यवस्था 

    कलेक्टर ने कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर शासकीय भवनों में रोशनी की जायेगी। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिये हैं कि भवनों पर प्रकाश व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित कार्यालय प्रमुख की होगी। कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। कलेक्टर ने कहा कि विकासखण्ड स्तर पर होने वाले कार्यक्रम का स्वरूप भी जिला स्तर के कार्यक्रम के अनुरूप होगा।

योजनाओं की समीक्षा

    आयोजित बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री भावांतर भुगतान योजना की समीक्षा की। उन्होंने कृषि उपज मण्डियों में बेहतर व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि सभी व्यापारी किसानों को 50 हजार रूपए तक की राशि नगद भुगतान कर सकते हैं। उन्होंने सभी बैंकों में किसानों को नियमित रूप से भुगतान करने के लिए पर्याप्त राशि रखने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री सी.एम. हेल्पलाईन की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायत कर्ता की संतुष्टि के साथ शिकायतों का निराकरण करें। कलेक्टर ने इस अवसर पर सभी अधिकारियों को जिले के ब्लड बैंक में रक्तदान करने के निर्देश भी दिए हैं।

Previous articleजिले की हेरिटेज को विकसित करने की दिशा में करें कार्य – महापौर
Next articleसमय-सीमा बैठक संपन्न

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here