देश के अंदर कई मुद्दों को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शन के परिप्रेक्ष्य में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने समाज में ‘‘बढ़ते संघर्ष और मतभेद’’ पर चिंता जताई और कहा कि परस्पर सम्मान बढ़ाने की सख्त जरूरत है। 28वें दानतन ग्रामीण मेला का यहां उद्घाटन करने के बाद मुखर्जी ने कहा कि इन दिनों आप जब भी अखबार पढ़ते हैं और टीवी देखते हैं तो नियमित हिंसा की खबर मिलती है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल के भांगड़ में हाल के प्रदर्शनों और तमिलनाडु में जल्लीकट्टू को लेकर चलने वाले प्रदर्शन के परिप्रेक्ष्य में कहा कि मैं रोजाना की छोटी घटनाओ की बात कर रहा हूं न कि अंतर्राष्ट्रीय हिंसा की। पहले भी संघर्ष और वैचारिक मतभेद थे। लेकिन इस तरह की स्थिति दिन ब दिन बढ़ती जा रही है। मुखर्जी ने कहा कि पहले इस तरह के संघर्ष को स्थानीय स्तर पर रोक दिया जाता था लेकिन अब यह बढ़ता जा रहा है। राष्ट्रपति ने दुनिया के ज्यादा हिंसक होने पर चिंता जताते हुए कहा कि यह मानव समाज का आम रूख नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति में परस्पर सम्मान बढ़ाने की काफी जरूरत है।




























































