मण्डला- (ईपत्रकार.कॉम) | 31 अगस्त 2017 को सेवा निवृत्त होने वाले 8 कर्मचारियों का सम्मान करते हुये उनके स्वत्वों के भुगतान के प्राधिकार पत्र प्रदान किये गये। सेवा निवृत्त हो रहे कर्मचारियों को अपर कलेक्टर श्री मनोज कुमार ठाकुर द्वारा मौके पर ही पीपीओ, बीमा राशि, ग्रेज्यूटी एवं अवकाश नगदीकरण आदि सभी स्वत्वों के भुगतान संबंधी आदेश प्रदान किये गये। जिला योजना भवन के सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला पेंशन अधिकारी सुश्री अनामिका उपाध्याय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और आहरण संवितरण अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री मनोज कुमार ठाकुर ने कहा कि सेवा निवृत्ति एक सामान्य प्रक्रिया है, सेवा निवृत्ति के साथ ही जीवन को नई दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि सेवा निवृत्ति के समय ही संबंधित कर्मचारियों के स्वत्वों का भुगतान करने के संबंध में मण्डला जिले द्वारा किये जा रहे प्रयास निश्चित रूप से अनुकरणीय है। जिले का यह प्रयास अन्य जिलों के लिये प्रेरणा स्रोत बनेगा। उन्होंने सेवा निवृत्त हो रहे लोक सेवकों का आव्हान किया कि वे अपने समय का बेहतर उपयोग करते हुये समाज और देश के विकास में सहभागी बनें। इस अवसर पर अपर कलेक्टर ने सेवा निवृत्त कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल, फूल माला से सम्मानित करते हुये स्वत्वों के प्राधिकार पत्र सौंपे एवं उनके बेहतर स्वास्थ्य और सफल जीवन की शुभकामनायें प्रदान की।
ये हुये सेवानिवृत्त
31 अगस्त 2017 को सेवा निवृत्ति होने वाले कर्मचारियों में हेल्पर श्री राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, उच्च श्रेणी शिक्षक श्री रमेश प्रसाद मिश्रा, सहायक ग्रेड तीन श्रीमति ऊषा झारिया, प्रधानपाठक श्री प्रमोद कुमार मिश्रा, सहायक शिक्षक श्री हरिदीन झारिया, वनपाल श्री महेश्वर प्रसाद जंघेला, माली श्री धनीराम गौंड एवं सहायक ग्रेड दो श्री मनोज कुमार बाजपेयी सम्मिलित हैं।





























































