जबलपुर – ईपत्रकार.कॉम |जिले के सिहोरा विकासखण्ड के ग्राम कूम्ही सतधारा में आज आयोजित किये गये खण्ड स्तरीय सम्मेलन में 22 सौ से अधिक हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत करीब दस करोड़ रूपये के हितलाभों का वितरण किया गया। सिहोरा विधायक श्रीमती नंदिनी मरावी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस अंत्योदय मेला में कलेक्टर महेश चन्द्र चौधरी भी शामिल हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।
अंत्योदय मेला को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती नंदिनी मरावी ने शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। विधायक ने पिछले करीब 15 वर्षों के दौरान क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख भी अपने संबोधन में किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जहां पक्की सड़कें देखने नहीं मिलती थीं आज इस क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछ चुका है और इससे जहां लोगों का आवागमन सुलभ हुआ है वहीं विकास की गति भी तेज हुई है।
श्रीमती मरावी ने इस अवसर पर ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा पर ज्यादा ध्यान देने तथा बेटा-बेटियों में भेद न करने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा पर केन्द्रित कई योजनायें प्रारंभ की हैं साथ ही नौकरियों में भी बेटियों के लिए आरक्षण का प्रावधान किया है। विधायक ने इस मौके पर खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की चर्चा करते हुए कहा कि केन्द्र और प्रदेश की सरकार ने सन् 2022 तक सबके लिये आवास का संकल्प लिया है। इसी संकल्प का नतीजा है कि आज हर गाँव में कच्चे घरों में रहने वाले लोगों का पक्की छत के नीचे रहने का सपना साकार हो रहा है।
कूम्ही सतधारा का होगा पर्यटन की दृष्टि से विकास-कलेक्टर
कलेक्टर महेश चन्द्र चौधरी ने अंत्योदय मेला में बड़ी संख्या में आये ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सामाजिक सुरक्षा पेंशन की विभिन्न योजनाओं सहित शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में शासन द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने जहां ग्रामीणों से आगे बढ़कर इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की वहीं मैदानी स्तर के सभी अधिकारियों से हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
श्री चौधरी ने इस अवसर पर शासन द्वारा संचालित स्वरोजगार ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं से कहा कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर न केवल खुद आत्मनिर्भर बनें बल्कि गाँव के ही अन्य युवाओं को रोजगार देने का माध्यम भी बने। उन्होंने किसानों से भी खेती को लाभ का धंधा बनाने के सरकार के प्रयासों में भागीदार बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान परंपरागत खेती के साथ जैविक खेती और उद्यानिकी की फसलें भी लें तथा पशुपालन जैसी गतिविधियों से भी जुड़ें। इससे उनकी आमदनी में वृद्धि होगी और परिवार का जीवन स्तर भी बेहतर होगा।
कलेक्टर ने इस मौके पर पूर्व की तुलना में सिहोरा क्षेत्र में धान के हुए बेहतर उत्पादन के लिए किसानों का आभार भी जताया। उन्होंने किसानों से मार्च माह से प्रारंभ होने वाले समर्थन मूल्य पर गेहूं के उपार्जन के लिए समीप की समितियों में अपना पंजीयन शीघ्र कराने का आग्रह किया। श्री चौधरी ने कहा कि समर्थन मूल्य पर गेहूं के उपार्जन के लिए नये किसानों को ही अपना पंजीयन कराने की आवश्यकता होगी।
कलेक्टर ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के आवास निर्माण में गति लाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने पंच, सरपंच सहित सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों से कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र का कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ लेने से वंचित न रहे। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण की स्थिति पर भी नजर रखने का आग्रह किया और हर पात्र व्यक्ति को खाद्यान्न उपलब्ध हो यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने इस मौके पर कूम्ही सतधारा के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए यहां चल रहे माघ मेला पर ग्रामीणों को बधाई भी दी। विधायक श्रीमती नंदिनी मरावी द्वारा क्षेत्रवासियों की भावना से अवगत कराये जाने पर श्री चौधरी ने कूम्ही सतधारा को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए जरूरी पहल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कूम्ही सतधारा के पर्यटन की दृष्टि से विकास के लिए पर्यटन विकास निगम के अधिकारियों से चर्चा की जायेगी, क्षेत्र का सर्वे कराया जाये और डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जायेगी।
श्री चौधरी ने इस मौके पर ग्रामीणों को स्वच्छता का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने हर घर में शौचालय बनाने तथा अपने-अपने गाँव को खुले में शौच से मुक्त बनाने की अपील ग्रामीणों से की। कलेक्टर ने ग्रामीणों को क्षेत्र की हर समस्या को दूर करने और गाँव की विकास की जरूरतों को पूरा करने का आश्वासन भी इस मौके पर दिया।
अंत्योदय मेला में 15 नि:शक्तजनों को ट्राइसिकल, तीन नि:शक्तों को व्हीलचेयर प्रदान की गई तथा 309 हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धा पेंशन, नि:शक्त पेंशन एवं विधवा पेंशन योजना का लाभ दिया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 21 हितग्राहियों, मुख्यमंत्री आर्थिक कल्याण योजना के तहत 22 हितग्राहियों तथा आजीविका परियोजना के तहत 19 हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति के पत्र सौंपे गये। भवन सनिर्माण कर्मकार मण्डल की योजनाओं के तहत राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के 15 प्रकरणों में तीन लाख, विवाह सहायता योजना के 10 प्रकरणों में 25 लाख एवं अंत्येष्टि सहायता योजना के 7 प्रकरणों में 8 लाख 10 हजार रूपये की राशि के स्वीकृति पत्र हितग्राहियों को दिये गये। अंत्योदय मेला में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 643 हितग्राहियों को 8 करोड़ 10 लाख रूपये के ऋण की स्वीकृति के आदेश भी अंत्योदय मेले में प्रदान किये गये।
कलेक्टर ने अंत्योदय मेला में स्वच्छता पर आधारित लोक नृत्य प्रस्तुत करने वाले स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन स्वरूप जिला प्रशासन की ओर से 5 हजार रूपये प्रदान करने की घोषणा भी की। अंत्योदय मेला में जनपद पंचायत अध्यक्ष सरिता सिंह, जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष सुभाष पटेल, श्री प्रताप सिंह बघेल, श्री राजा मोर, जिला पंचायत सदस्य रामकृष्ण पटेल, जनपद पंचायत सदस्य संतलाल पटेल, अनुविभागीय अधिकारी सिहोरा आर. उमा महेश्वरी, सिहोरा के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अशोक तिवारी तथा सभी विभागों के जिला अधिकारी एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
































































