कलेक्टर ने किया दृष्टिबाधितार्थ विद्यालय का निरीक्षण

0

जबलपुर  – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर श्रीमती छवि भारद्वाज ने आज भेड़ाघाट बायपास चौराहा स्थित शासकीय दृष्टि बाधितार्थ आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया और कक्षाओं में जाकर यहां अध्ययनरत बच्चों से उन्हें मिल रही सुविधाओं तथा उनकी रूचि और पसन्द के बारे में जानकारी ली। श्रीमती भारद्वाज ने विद्यालय के छात्रावास भवन का भी इस दौरान मुआयना भी किया।

कलेक्टर की आत्मीयता तथा सहज और सरल अंदाज को देखकर विद्यालय के दृष्टिहीन विद्यार्थियों ने भी खुलकर कलेक्टर के सामने अपनी बातें रखी। विद्यालय के बच्चों ने ब्रोल लिपि में प्रकाशित पुस्तकों से पाठ पढ़कर सुनाये वहीं शिक्षकों द्वारा बोले गये वाक्यों को ब्रोल लिपि में लिखकर भी दिखाया। कलेक्टर ने इस अवसर पर दसवीं कक्षा के बच्चों से पूछा कि कम्प्यूटर के बारे में वे कितना जानते हैं। कलेक्टर के इस सवाल के जवाब में बच्चों ने बताया कि ज्यादातर पढ़ाई कम्प्यूटर के माध्यम से ही कर रहे हैं। बच्चों ने बताया कि विद्यालय की ई-लायब्रोरी के कम्प्यूटर पर दर्ज पाठ्यक्रम की किताबों का स्पीच रिकगनिशन टेकनिक के माध्यम से वे अध्ययन करते हैं। बच्चों ने इस मौके पर कलेक्टर को अपने मोबाइल में वाट्सएप पर आई सूचनाओं को भी सुनाया।

श्रीमती भारद्वाज ने बच्चों से बातचीत में विद्यालय में मौजूद कम्प्यूटरों के बारे में भी पूछताछ की। छात्रों ने इस अवसर पर बताया कि ई-लायब्रोरी को छोड़कर विद्यालय के शेष कम्प्यूटर पुराने हो चुके हैं। छात्रों ने श्रीमती भारद्वाज को बताया कि वर्तमान की आवश्यकता को देखते हुए कम्प्यूटर का ज्ञान प्राप्त करने में उनकी ज्यादा रूचि है और वे इसी के माध्यम से पढ़ाई करने में ज्यादा सहज महसूस करते हैं। दृष्टिबाधित छात्रों ने नये और एडवांस कम्प्यूटर की मांग कलेक्टर के समक्ष रखी।

कलेक्टर ने छात्रों के कम्प्यूटर के प्रति रूझान को देखते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को विद्यालय को नये कम्प्यूटर प्रदान करने तथा हाई स्पीड इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कम्प्यूटर प्रशिक्षक की नियुक्ति का प्रस्ताव भी तैयार करने अधिकारियों से कहा।

कलेक्टर ने दृष्टिबाधित विद्यालय की संगीत कक्षा का अवलोकन किया। उन्होंने कक्षा में संगीत का अभ्यास कर रहे बच्चों से वाद्य यंत्रों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। छात्रों ने कलेक्टर को इलेक्ट्रॉनिक गिटार और तानपुरा की जरूरत बताई। श्रीमती भारद्वाज ने इस मांग पर अपनी ओर से विद्यालय को सिंथेसाइजर भेंट करने की बात कही तथा संस्था प्रमुख को तानपुरा एवं इलेक्ट्रॉनिक गिटार खरीदने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये।

श्रीमती भारद्वाज ने इस मौके पर दृष्टिबाधितार्थ विद्यालय की ई-लायब्रोरी का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विद्यालय के भवन के निरीक्षण के दौरान जहां जरूरत हो वहां मरम्मत कराने तथा बरसात के बाद विद्यालय भवन की रंगाई-पुताई कराने के निर्देश भी प्रभारी संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय आशीष दीक्षित को दिये।

श्रवण बाधितार्थ विद्यालय का भी किया निरीक्षण:
शासकीय दृष्टिबाधितार्थ विद्यालय के बाद कलेक्टर श्रीमती भारद्वाज ने इससे लगे शासकीय श्रवण बाधितार्थ विद्यालय का निरीक्षण भी किया। इस दौरान विद्यालय परिसर और भवन में साफ-सफाई के अभाव पर उन्होंने गहरी नाराजी व्यक्त की।

श्रीमती भारद्वाज ने निरीक्षण के दौरान अधिकांश विद्यालय के शिक्षकों और ट्रेनरों की अनुपस्थिति पर भी जमकर अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने हाजिरी रजिस्टर से अनुपस्थित शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों की जानकारी लेकर उनके विरूद्ध विभागीय जांच शुरू करने तथा उन्हें निलंबित करने की कार्यवाही के निर्देश प्रभारी संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय को दिये।

श्रीमती भारद्वाज ने इस मौके पर श्रवण बाधित विद्यालय के प्रशासनिक प्रभारी के.के. शुक्ला को विद्यालय परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं के लिए फटकार लगाई और उनके निलंबन की कार्यवाही के निर्देश भी दिये।

कलेक्टर श्रवण बाधितार्थ विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कक्षाओं में भी गई और खराब ट¬ूब लाइटों को तुरंत बदलने के निर्देश दिये। उन्होंने विद्यालय के छात्रावास भवन का अवलोकन भी किया। छात्रावास के गंदे कम्बल, गद्दे, चादरों को देखकर उन्होंने गहरी नाराजी जाहिर की। उन्होंने छात्रावास में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर छात्रावास की वार्डन रीता भिल्मे के निलंबन की कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश अधिकारियों को दिये।

कलेक्टर ने इस मौके पर श्रवण बाधित विद्यालय के रसोई घर, भोजन कक्ष और शौचालय का मुआयना भी किया। यहां भी साफ-सफाई के अभाव पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने विद्यालय को वर्ष भर में प्राप्त होने वाले आबंटन और उसके विरूद्ध किये गये व्यय की जांच करने के निर्देश प्रभारी संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय को दिये। श्रीमती भारद्वाज ने इस मौके पर विद्यालय में पदस्थ कर्मचारियों को हटाकर अन्यत्र पदस्थ करने की बात भी कही।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान श्रवण बाधितार्थ विद्यालय के आहरण-संवितरण अधिकारी डॉ.रामनरेश पटेल पर भी विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजी जाहिर की। उन्होंने डॉ. पटेल से कहा कि आहरण-संवितरण अधिकारी होने के नाते विद्यालय की देखरेख और स्टॉफ पर नियंत्रण के लिए वे कहीं ज्यादा जिम्मेदार हैं। श्रीमती भारद्वाज ने डॉ. पटेल से साफ शब्दों में कहा कि वे व्यवस्थाओं को तत्काल दुरूस्त करें अन्यथ उन्हें भी कार्यवाही का सामना करना पड़ेगा।

कलेक्टर ने श्रवण बाधितार्थ विद्यालय के निरीक्षण के दौरान विद्यालय के खाली पड़ी भूमि पर बच्चों के खेलने के लिए उद्यान बनाने तथा विद्यालय के प्रवेश द्वार से विद्यालय भवन तक के मार्ग का फर्शीकरण करने के निर्देश भी दिये।

Previous articleभारतीय खेल को बढ़ावा देना जरूरी – जनसम्पर्क मंत्री श्री मिश्रा
Next articleराज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित किया गया विधिक जागरुकता शिविर