प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना अंतर्गत सुपोषित जननी विकसित धारणी अभियान का आयोजन

0

जबलपुर  – (ईपत्रकार.कॉम) |प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना की मीडिया कार्यशाला का आयोजन कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक 107 में किया गया। परियोजना अधिकारी गौरीशंकर लौवंशी द्वारा प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना जिले में सफलतापूर्वक क्रियान्वित होने की जानकारी दी गई। गर्भवती महिलाओं को मजदूरी के आंशिक क्षतिपूर्ति के रूप में नगद प्रोत्साहन प्रदान करने एवं महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी व्यवहारों में सुधार लाने हेतु तीन किश्तों में क्रमश: 1000 रूपए गर्भावस्था पंजीकरण पर, 2000 रूपए कम से कम एक प्रसव पूर्व जांच के पश्चात् एवं 2000 रूपए का पंजीकरण एवं प्रथम चक्र का टीकाकरण पूर्ण होने पर नगद प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाता है।

योजनान्तर्गत जबलपुर जिले में कुल 26 हजार 300 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया है। इसमें से कुल 25 हजार 391 हितग्राहियों को प्रथम किश्त का, 21 हजार 813 हितग्राहियों को द्वितीय किश्त का एवं 12 हजार 964 हितग्राहियों को तृतीय किश्त की राशि का भुगतान किया जा चुका है। 8 मार्च से 22 मार्च के मध्य सुपोषित जननी विकसित धारणी अभियान का आयोजन जिला स्तर एवं परियोजना स्तर पर किया जा रहा है। इस दौरान नुक्कड़ नाटक, रैली, मैराथन, दौड़, पोस्टर, बैनर, वाल पेंटिंग, सुपोषण आधारित खेलों, प्रतियोगिताओं, गर्भवती एवं धात्री माताओं को पोषक तत्वों से युक्त भोजन लिए जाने के महत्व के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आदि के माध्यम से योजना का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

Previous articleसीएमएचओ ने भगवानपुरा एवं झिरन्या विकासखंड का किया निरीक्षण
Next articleपूर्व मंत्री श्री सक्सेना द्वारा छिन्दवाड़ा नगर के 8 स्थानों में 82 लाख 63 हजार रूपये लागत के निर्माण कार्यो का भूमिपूजन और लोकार्पण