विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की बैठक सोमवार को यहां जिला पंचायत सभागार में कलेक्टर श्रीकांत बनोठ की अध्यक्षता में आयोजित हुई। श्री बनोठ ने समयावधि लंबित पत्रों की विभागवार समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इन पत्रों के निराकरण के लिए सर्वोच्च प्राथमिक दें। साथ ही इन पत्रों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। श्री बनोठ ने मुख्यमंत्री हेल्पलाईन पोर्टल पर विभिन्न स्तरों पर दर्ज शिकायतों की स्थिति की विभागवार समीक्षा की और लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होनें जन अधिकार के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की तथा अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
इस बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाईन के अन्तर्गत 300 दिन से अधिक समय की लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की और अधिकारियों को इन शिकायतों का व्यक्तिगत रूचि लेकर शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होने इस बैठक में जन मित्र पोर्टल पर विभिन्न विभागों के दर्ज प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की और इन प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री बनोठ ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन राज्य सरकारों से लगातार कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिये सक्रिय कदम उठाने का आग्रह कर रहा है। भारत सरकार द्वारा गठित उच्च-स्तरीय ग्रुप आॅफ मिनिस्टर्स (GOM) द्वारा भी स्थिति की सूक्ष्मता से समीक्षा की जा रही है। इस वायरस से अत्याधिक प्रभावित देशों से आने वाले सभी भारतीय व्यक्तियों के लिये क्वारेंटाईन सेन्टर्स (quarantine Centres) तैयार किये गये हैं। भारत सरकार द्वारा इस दिशा में देशवासियों को जागरूक करने के लिये मोबाईल-फोन तथा टेलीफोन की काॅलर ट्यून में कोरोना से बचाव के संबंध में जानकारी दी जा रही है। साथ ही शासकीय कार्यालयों में कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था को बंद किया गया है। सांस्कृतिक समारोह, सार्वजनिक समारोह, आधिकारिक यात्राओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को स्थगित किया गया है। धाार्मिक प्रमुखों से कम से कम धार्मिक समारोह करने का आग्रह किया जाएगा तथा 20 से अधिक लोगों की सभाओं को रोकने के लिये कानूनी उपाय भी किए जाएंगे। इस बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संतोष वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।






























































