यह सरकार कथन कि नहीं वचन की सरकार है- मंत्री श्री सचिन यादव

0

धार – (ईपत्रकार.कॉम) |प्रदेश के किसान कल्याण तथा कृषि विकास उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री सचिन यादव ने आज बदनावर कृषि उपज मंडी के प्रांगण में जय किसान फसल ऋण माफी योजना के द्वितीय चरण के लाभार्थियों को राशि के हस्थानांतरण की सूचना दी। साथ ही बताया कि किसानों को सम्मान पत्र भी यहां से दिए जाएंगे। श्री यादव ने कहा कि यह सरकार कथन कि नहीं वचन की सरकार है, साथ ही टेलीविजन की नही विजन की सरकार है। इस सरकार ने केवल एक साल की अवधि में प्रदेशवासियों के हित में जो भी निर्णय लिए हैं वह तो ट्रेलर है पिक्चर तो अभी बाकी है।

कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों के द्वारा अंधाधुन रासायनिक खाद और उर्वरक के प्रयोग से उत्पादन में थोड़ी वृद्धि तो हुई है लेकिन उसके साथ यह अन्न खाकर कई प्रकार की बीमारियां उन्हें ओर उनके परिजनों को हो रही है। उन्होंने जितना कमाया नहीं उससे ज्यादा इलाज पर खर्च दिया। उन्होंने कहा कि बदनावर के किसान प्रगतिशील किसान है। वे जैविक खेती को अपनाएं। फसलों की सभी बीमारी का इलाज गौमाता के पास है। जैविक खेती के लिए कृषि विभाग के माध्यम से किसानों को प्रशिक्षित किया जाएगा। रासायनिक उर्वरक ओर कीटनाशक के प्रयोग से उत्पादित अन्न में 70 प्रतिशत तक हानिकारक केमिकल पाया जाता है ,ऐसा एक स्टडी में बताया गया है इसलिए खाने वाले को गंभीर बीमारी की आशंका बनी रहती है।

श्री यादव ने बताया कि किसान आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज केस वापस लेने के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया गया है। किसान उस कमेटी को आवेदन दे। शीघ्र ही प्रकरण वापसी का सिलसिला भी होगा। मुख्यमंत्री स्वयं इस पर नजर बनाए हूए है। वन्य प्राणियों के द्वारा फसल के नुकसान के सिलसिले में मंत्री श्री यादव ने कहा कि क्योंकि यह मामला वन प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत आता है। इसके लिए भी एक कमेटी बनी है और जल्दी ही इसका कुछ कारगर हल निकाला जाएगा। विधायक श्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव द्वारा जो भी मांग की गई है उनकी पूर्ति के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम में मंत्री श्री यादव ने किसानों को ऋण माफी प्रमाण पत्र, किसान सम्मान पत्र, अनुदान राशि प्रमाण पत्र व तीन ट्रैक्टर, एक हार्वेस्टर और एक रोटावेटर मशीन देकर हितग्राहियों को लाभान्वित किया। कार्यक्रम में बताया गया कि योजना के द्वितीय चरण में बदनावर तहसील के चार हजार 389 किसानों को 31 करोड़ 29 लाख रूपए की राशि का हस्तांतरण आरटीजीएस के माध्यम से किया जा रहा है। योजना के प्रथम चरण में तहसील बदनावर के आठ हजार 473 किसानों को 32 करोड़ 83 लाख रूपए की राशि का हस्तांतरण आरटीजीएस के माध्यम से किया गया था। अतिथियों का स्वागत साफा बांध, शाल व पुष्पगुच्छ प्रदान कर किया गया। आरंभ में अतिथियों द्वारा भगवान बलराम की चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर पुष्प अर्पित किए गए तत्पश्चात कन्या पूजन भी किया गया।

कार्यक्रम में क्षैत्रिय विधायक राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, धरमपुरी विधायक पांचिलाल मेड़ा और सीसीबी प्रशासक कुलदीप सिंह बुंदेला ने भी सम्बोधित किया ओर स्वागत भाषण कलेक्टर श्रीकांत बनोठ ने दिया। आभार उपसंचालक कृषि आरएल जामरे ने माना। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण व बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।

Previous articleकिशोरी बालिकाओं का जीवन कौशल कार्यक्रम का हुआ आयोजन
Next articleसमय सीमा बैठक में कलेक्टर श्रीमति सुरभि गुप्ता ने दिये आवश्यक दिशा निर्देश