सागर – ईपत्रकार.कॉम |ईआरओ एवं एईआरओ प्रमाणन कार्यक्रम प्रशिक्षण बुंदेलखंड चिकित्सालय महाविद्यालय के सेंट्रल लाईब्रेरी में संभागायुक्त श्री आशुतोष अवस्थी, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आलोक कुमार सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संभागस्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपजिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रभा श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर श्री डीपी द्विवेदी, सीपी पटैल, एसडीएम श्री अरूण कुमार सिंह, श्री एलके खरे, श्री वीवी पाण्डे, श्री आरएम त्रिपाठी एवं संभाग से आये सभी तहसीलदार एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
संभागायुक्त श्री अवस्थी ने कहा कि निर्वाचन अब मिशन मोड में आ चुका है। अब निर्वाचन इनफार्मेशन टेक्नॉलाजी (आईटी) में कनवर्ट हो गया है। अधिकारी ऑपरेटरों के भरोसे निर्वाचन संबंधी काम नहीं रखे, स्वयं भी इसकी मॉनीटरिंग करते रहे। मतदाता केन्द्रों का युक्ति-युक्तिकरण हो, मतदाता सूची परिष्कृत, शुद्ध, त्रृटिरहित हो। इस सूची का सत्यापन शत-प्रतिशत सही हो, यह सुनिश्चित करें। यह सारे काम मई और जून इन दो माह तक अपडेट कर लें। प्रशिक्षित टीम बनाकर निर्वाचन संबंधी कार्यों को पूर्ण करें। साथ ही कम्प्यूटर सिस्टम, ऑपरेटर, प्रशिक्षित व्यक्ति को अभी से इस काम में लगा लें। निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इस बात का ध्यान सभी अधिकारी व कर्मचारी रखें। सीएम हेल्पलाईन की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए संभागायुक्त श्री अवस्थी ने कहा कि देवरी में एल-4 पर शिकायते काफी पेंडिग है। एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार शिकायते देखे एवं निराकृत करे।
कलेक्टर श्री आलोक कुमार सिंह ने कहा कि पहले के निर्वाचन की परिस्थितियां एवं वर्तमान की परिस्थितियों में काफी परिवर्तन आ चुका है। अब हमें बहुत सी चीजे सीखने की जरूरत है। निर्वाचन संबंधी कार्यों को करने के लिये अधिकारी अपनी अलग विंग बनाकर काम करें। बी.एल.ओ.वाला सैटअप मजबूत बनाकर रखे। मतदाता सूची, मतदान केन्द्र एवं ई.वी.एम. मशीन आदि की जानकारी अपडेट रखे। मृत व्यक्ति का रिकार्ड ग्रामवार बनाकर फाईल मेंनटेंन रखे। मास्टर्स ट्रेनर द्वारा अपने-अपने संशय प्रशिक्षण कार्यक्रम में दूर करें। यह निर्देश कलेक्टर श्री आलोक कुमार सिंह ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों को दिये।






























































