आदिवासियों के योगदान के बिना शासन नहीं चल सकता – विधानसभा अध्यक्ष

0

होशंगाबाद  – ईपत्रकार.कॉम |आदिवासी संस्कृति आत्म सम्मान की संस्कृति रही है। मैं आदिवासियों का मान-सम्मान किसी भी कीमत पर कम नहीं होने दूंगा। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने धार में आयोजित आदिवासी विकास दिवस के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने रानी दुर्गावती, बिरसा मुण्डा, भीमानायक, टंट्या भील आदि का उदाहरण देते हुए बताया कि आदिवासियों ने कभी भी अपने स्वाभिमान के साथ समझौता नहीं किया। प्रदेश सरकार द्वारा इन जननायकों के स्मारक बनाएं गए हैं। जगह-जगह इनकी प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि आदिवासी एवं उनकी संस्कृति भारत की अनमोल निधि है। दुनिया से आधुनिक चीजे लेने पर भी हमें अपनी भाषा, संस्कृति, परम्परा एवं उत्सव भूलने नहीं है। हमारा देश एक ऐसा बगीचा है जहां अनेक रंगों के फूल खिलते हैं एवं हर फूल को खिलकर अपनी खुशबू फैलाने का हक है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सामाजिक समरसता हमारा मूल मंत्र है एवं हमें सबको साथ लेकर चलना है। विकास की दौड में जो पीछे छूट गए हैं उन्हें बराबर लाने के लिये अनेक योजनाएं बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी आदिवासी बिना जमीन के पट्टे के नहीं रहेगा। प्रदेश सरकार द्वारा 2 लाख 24 हजार वनाधिकार पट्टे बांटे गए हैं तथा यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। 2022 तक हर आदिवासी परिवार के पास अपना पक्का मकान होगा एवं हर घर मे बिजली होगी। श्री चौहान ने कहा कि गरीब बच्चों की फीस भरने के लिये सरकार द्वारा योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने आदिवासी बच्चों से कहा कि वे फीस की चिंता किए बगैर मन लगाकर पढाई करें। सरकार द्वारा उन्हें पूरी सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश में स्थित 136 विशिष्ट आवासीय विद्यालयों को नवोदय विद्यालयों की तर्ज पर विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार आदिवासियों को लघु वनोपज की सही कीमत दिलाने के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने केसला विकासखण्ड में महिला स्वसहायता समूह द्वारा मुर्गी पालन का जिक्र करते हुए महिलाओं से कहा कि वे स्वसहायता समूह बनाकर अपनी आमदनी बढाएं। उन्होंने कहा कि आदिवासी भाषाएं पढाने के लिये विशेष शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही आदिवासी संस्कृति को संरक्षित करने के लिये जनजातीय कला मंडलियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय प्रांगण केसला में आयोजित आदिवासी दिवस के कार्यक्रम में म.प्र. विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा ने सभी उपस्थित लोगों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतवर्ष में आपके बिना किसी का काम नहीं चल सकता। उन्होंने रामचरितमानस का उदाहरण देते हुए बताया कि भगवान राम ने शबरी को बहन कहकर संबोधित किया था एवं शबरी ने उनकी मदद की थी। डॉ शर्मा ने कहा कि आदिवासियों के योगदान के बिना शासन नहीं चल सकता एवं प्रदेश एवं देश की प्रगति नहीं हो सकती। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि वे शासन की योजनाओं को जाने एवं उनका लाभ लेकर आगे बढे तथा समाज, प्रदेश एवं देश की प्रगति में अपना योगदान दें। उन्होंने बताया कि होशंगाबाद में 22 करोड रुपये की लागत से आदिवासी कन्या परिसर बनाया जा रहा है। कार्यक्रम में जनपद पंचायत केसला के अध्यक्ष श्री गनपत उईके ने उपस्थित लोगो को संबोधित करते हुए आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पीसी शर्मा ने ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण के बारे में बताया। कार्यक्रम में आदिवासी कला मंडलियों द्वारा पारम्परिक जनजातीय नृत्य एवं गीत प्रस्तुत किये गये। साथ ही रागिनी तरडे एवं राशि खाडे द्वारा वंदे मातरम एवं मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी गई। स्थानीय बालिकाओं द्वारा नर्मदाष्टक का गायन किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया एवं विभिन्न योजनाओं के लगभग 650 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। एकलव्य आवासीय विद्यालय भरगदा के प्रतिभावान छात्र उत्तम कुमरे को नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने पर सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत सुरेन्द्र उईके, मिनाक्षी धुर्वे को प्रतीकात्मक रूप से चैक प्रदान किये गए। साथ ही 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत फिटनेस सेंटर खोलने के लिये हेमंत कुजूर को 15 लाख रुपये का चैक प्रदान किया गया। कृषक उद्यमी योजना में कस्टम हायरिंग के लिये प्रशांत राम कैलाश को 15 लाख रुपये का चैक प्रदान किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत अनमोल आजीविका स्वसहायता समूह एवं लक्ष्मी महिला स्वसहायता समूह को राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री बकाया बिजली बिल माफी स्कीम के अंतर्गत बिजली बिल माफी के प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। कार्यक्रम में जिले में संचालित बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान के अंतर्गत गठित डॉटर्स क्लब के सदस्यों को गौरव पत्र एवं तुलसी का पौधा प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कुशल पटेल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तारा वरकडे, कलेक्टर प्रियंका दास, पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद सक्सेना, उपायुक्त आदिवासी विकास श्री जेपी यादव, सहायक आयुक्त श्रीमती चंद्रकांता सिंह, अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण तथा बडी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Previous articleप्रदेश में 25 सितम्बर से आयुष्मान भारत योजना का क्रियान्वयन – मुख्य सचिव
Next articleराष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित करने हेतु बैठक सम्पन्न