भोपाल – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर डॉ. सुदाम खाडे ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि योजनाओं का संचालन इस प्रकार से करें कि इससे जुड़ा कोई आवेदक अपना आवेदन लेकर जनसुनवाई में उपस्थित न हो। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति योजनाओं के क्रियान्वयन में खामी दर्शाती है जो उचित नहीं है।
कलेक्टर आज सभी अधिकारियों की उपस्थिति में जनसुनवाई कर रहे थे। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 122 आवेदक उपस्थित हुए और कलेक्टर डॉ. खाडे से प्रत्यक्ष भेंटकर अपनी शिकायत एवं आवश्यकता से अवगत कराया। कलेक्टर ने इन सभी आवेदनों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को भेजकर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
डॉ. खाडे ने जिला अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई के आवेदनों पर सहानुभूतिपूर्वक और त्वरित गति से कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि जनमानस में स्वच्छ और जनहितैषी प्रशासन की छवि कायम रखना हम सब का दायित्व है।



































































