कलेक्टर आशीष सिंह ने आज शनिवार को मिल-बांचे कार्यक्रम के तहत महारानी राधाबाई शासकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय देवास में बालिकाओं को शिक्षाप्रद कहानी सुनाई। उन्होंने कक्षा एक से पांच तक की बालिकाओं बीच बैठकर तीन मछलियों की कहानी सुनाई।
कलेक्टर द्वारा बच्चों से कहानियां सुनाने के लिए कहने पर स्कूल की बालिकाओं ने गांधीजी के तीन बंदर, चतुर कबूतर, प्यासा कौआ, शेर चूहे की कहानी सहित अन्य प्रेरक एवं शिक्षाप्रद कहानियां सुनाई। कहानियां सुनकर कलेक्टर ने तालियां बजाकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बच्चों की खूब सराहना की।
इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों से पूछा कि पढ़ लिखकर भविष्य में क्या-क्या बनना चाहते हो। इस बालिकाओं ने डॉक्टर, शिक्षक, पुलिस आदि बनने की इच्छा जाहिर की। जब एक बालिका से कलेक्टर ने पुलिस क्यों बनाना है पूछा तो बालिका ने कहा कि देश की रक्षा एवं समाज सुधार के लिए पुलिस बनना है। इस दौरान कलेक्टर ने बालिकाओं से भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री आदि के नाम भी पूछे। बच्चों द्वारा संतोषजनक उत्तर देने पर कलेक्टर ने सभी को शाबासी दी तथा खूब मेहनत से पढ़ने की सलाह दी।
शाला विकास समिति की बैठक में शामिल हुए कलेक्टर
इसके पश्चात शाला विकास समिति की बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह शामिल हुए। बैठक में स्कूल की बाउण्ड्रीवॉल बनवाने, टायलेट की मरम्मत करवाने, पानी की व्यवस्था के लिए नगर निगम से नल कनेक्शन लेने के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में पार्षद राजेश यादव, मनीष सेन, विद्यालय की प्रधान अध्यापिका श्रीमती अर्चना मित्तल, शाला विकास समिति अध्यक्ष एवं सदस्यगण, स्कूल के शिक्षकगण तथा अन्य संबंधित उपस्थित थे।





























































