कलेक्टर ने सरकारी स्कूल तथा आंगनबाड़ी का मुआयना किया और इन्तजामों का जायजा लिया।

0

जबलपुर – (ईपत्रकार.कॉम) |कलेक्टर महेशचन्द्र चौधरी आज दोपहर अचानक पनागर जनपद पंचायत के ग्राम कंदराखेड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने सरकारी स्कूल तथा आंगनबाड़ी का मुआयना किया और इन्तजामों का जायजा लिया। उन्होंने मैदानी स्तर पर राजस्वकर्मियों के काम-काज की भी पड़ताल की।

अपने आकस्मिक दौरे में कलेक्टर ने न केवल स्कूल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया वरन् वहां पढ़ रहे नन्हें-मुन्ने बच्चों से आत्मीयतापूर्वक बातचीत भी की। चौथी कक्षा की सुहानी, प्रतिभा, केसर रजक तथा शिवानी चौधरी से बातचीत के दौरान कलेक्टर ने उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी ली। श्री चौधरी ने तहसील, जिला, प्रदेश और देश के नाम पूछे और बच्चों ने इन सवालों के सही जवाब दिए। पूछे जाने पर केसर और शिवानी ने आठ और नौ के पहाड़े बेहिचक सुनाए। कलेक्टर ने बच्चों के बीच काफी वक्त बिताया।

श्री चौधरी ने बच्चों के लिए तैयार की जा रही दाल, सब्जी और रोटी की गुणवत्ता भी परखी और अच्छा खाना बनाने के लिए समूह की तारीफ की। आंगनबाड़ी केन्द्र के निरीक्षण के दौरान श्री चौधरी ने वहां उपलब्ध खेलकूद सामग्री, फस्र्ट एड तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्कूल एवं आंगनबाड़ी केन्द्र परिसर में स्वच्छता रखे जाने के निर्देश दिए। बच्चों को दिए जाने वाले दूध की क्वालिटी भी चैक की गई। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान स्कूल परिसर में मौजूद पक्का अतिक्रमण हटाए जाने तथा कम्पाउण्ड वॉल बनाए जाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री चौधरी ग्राम पंचायत भवन भी पहुंचे और खसरा व बी-1 के वितरण के बारे में जानकारी तलब की। लम्बे समय से फौती नामान्तरण नहीं हो पाने की शिकायत सामने आने पर कलेक्टर ने इस बारे में कैफियत तलब की। स्थानीय पटवारी ने अपने मोबाइल में ब्यौरा देखकर अवगत कराया कि नामान्तरण ऑनलाइन किया जा चुका है। इस दौरान तहसीलदार शैलेन्द्र बड़ोनिया भी मौजूद थे।

Previous articleसभी त्यौहार भाईचारे एवं सद्भाव के साथ मनाए – कलेक्टर श्री वर्मा
Next articleअपने स्टाफ को सिखायें कम्प्यूटर-कलेक्टर श्री गढ़पाले

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here