खरगौन – (ईपत्रकार.कॉम) |आगामी माहों में ईदुज्जुहा, अनंत चतुर्दशी, नवरात्रि पर्व, दशहरा, मोहर्रम, दीपावली, मिलाद-उन-नबी और क्रिसमस सहित अन्य पर्व एवं त्यौहारों को लेकर बुधवार को शांति समिति की बैठक स्वामी विवेकानंद सभागृह में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे कलेक्टर श्री अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि शहर अपना है, संस्कृति अपनी है, इसलिए सभी त्यौहार आपस में भाईचारे एवं सद्भाव के साथ मनाएं। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री डी कल्याण चक्रवर्ती, अपर कलेक्टर श्री शीलेंद्रसिंह, सीएमओ श्री निशिकांत शुक्ला उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री वर्मा ने त्यौहारों के दौरान साफ, सफाई एवं पानी की व्यवस्था के लिए सीएमओ श्री शुक्ला एवं विद्युत मंडल को बिजली की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर श्री वर्मा ने पार्किंग व्यवस्था को सुचारू रूप से सुनिश्चित करने को भी कहा। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि त्यौहारों में प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ रहकर जिम्मेदारी निभाएगा। कलेक्टर श्री वर्मा ने त्यौहारों पर साफ, सफाई रखने को भी कहा।
बैठक में समिति सदस्यों ने भी अपने-अपने प्रस्ताव एवं सुझाव रखे। बैठक में पूर्व विधायक श्री बाबुलाल महाजन, प्रकाश भावसार, मनमोहनसिंह चावला, हनीफ खान, अनवर जिद्रान, मनोज रघुवंशी, राजू शर्मा, शिव तिवारी, अल्ताफ आजाद, अजीजुद्दीन शेख, एडव्होकेट मिर्जा हबीब बेग, मेहमुद सेठ गोगांवा, काजीम अली सहित समस्त पार्षदगण एवं पत्रकारगण एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।































































